Edited By Rohini Oberoi,Updated: 01 Apr, 2026 04:22 PM

गोवा के अंजुना स्थित चर्चित नाइटक्लब 'Birch by Romeo Lane' में लगी भीषण आग के मामले में मुख्य आरोपी भाइयों गौरव और सौरभ लूथरा को बड़ी राहत मिली है। मापुसा की JMFC कोर्ट ने दोनों को सशर्त जमानत (Bail) दे दी है। हालांकि जेल से बाहर आने का रास्ता साफ...
Luthra Brothers Bail : गोवा के अंजुना स्थित चर्चित नाइटक्लब 'Birch by Romeo Lane' में लगी भीषण आग के मामले में मुख्य आरोपी भाइयों गौरव और सौरभ लूथरा को बड़ी राहत मिली है। मापुसा की JMFC कोर्ट ने दोनों को सशर्त जमानत (Bail) दे दी है। हालांकि जेल से बाहर आने का रास्ता साफ होने के बावजूद उनकी कानूनी मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं।
₹50,000 के मुचलके पर मिली आजादी
लूथरा ब्रदर्स पिछले काफी समय से कोलवाले सेंट्रल जेल में बंद थे। अदालत ने उन्हें ₹50,000 के निजी मुचलके और कुछ कड़ी शर्तों के साथ जमानत दी है। कोर्ट के इस फैसले की विस्तृत वजह लिखित आदेश आने के बाद ही साफ हो पाएगी। बता दें कि इससे पहले उनकी अग्रिम जमानत याचिकाएं कई बार खारिज हो चुकी थीं।
क्या था वो दर्दनाक हादसा?
यह पूरा मामला उस भयावह अग्निकांड से जुड़ा है जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। क्लब में लगी आग में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों में क्लब का पूरा किचन स्टाफ और चार विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। जांच में पाया गया कि क्लब में सुरक्षा मानकों (Safety Norms) की धज्जियां उड़ाई गई थीं। आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और इमरजेंसी एग्जिट का अभाव था।
फर्जी NOC और विदेश भागने का आरोप
जांच एजेंसियों ने लूथरा ब्रदर्स पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि क्लब के लिए फर्जी फायर NOC और दस्तावेजों के आधार पर लाइसेंस हासिल किया गया था। हादसे के तुरंत बाद दोनों भाई देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए थे। बाद में उन्हें वहां से डिपोर्ट कर भारत लाया गया और गिरफ्तार किया गया।
मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं
भले ही आग वाले मामले में उन्हें जमानत मिल गई हो लेकिन लाइसेंस घोटाले और फर्जीवाड़े से जुड़ा एक अन्य मामला अभी भी सेशन कोर्ट में लंबित है। हाल ही में इस मामले में उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में और सबूत जुटा रहे हैं ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।