Edited By Tanuja,Updated: 01 Apr, 2026 03:57 PM

Iran-United Kingdom तनाव के बीच Castrol के इराक स्थित प्लांट पर ड्रोन हमले की खबर है। Erbil में लगी भीषण आग ने क्षेत्रीय संघर्ष के और भड़कने के संकेत दिए हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि सीमित है।
International Desk: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ा हमला सामने आया है। Iraq के कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी Erbil में स्थित Castrol के ऑयल प्लांट पर ड्रोन हमले की खबर है, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में प्लांट से उठता काला धुआं और आग की ऊंची लपटें साफ देखी जा सकती हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में प्लांट को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब Iran और United Kingdom के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। हाल ही में ईरान के ब्रिटेन स्थित राजदूत ने ब्रिटिश सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला उसी चेतावनी से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अगर यह सच साबित होता है, तो यह संघर्ष को और ज्यादा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला सकता है। ईरान के ब्रिटेन में राजदूत Seyed Ali Mousavi ने कहा है कि ब्रिटेन का RAF Fairford सैन्य अड्डा अमेरिकी हमलों में इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बेस का उपयोग B-2 Spirit और B-1B Lancer जैसे अमेरिकी बमवर्षक विमानों को हथियारों से लैस करने के लिए किया जा रहा है, जो ईरान के खिलाफ इस्तेमाल हो सकते हैं।
राजदूत मौसवी ने इसे “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए कहा कि यह स्थिति गंभीर है और ईरान इसे नजरअंदाज नहीं करेगा।जब उनसे पूछा गया कि क्या ब्रिटिश सैन्य ठिकाने “वैध लक्ष्य” बन सकते हैं, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह “एक बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है” और ईरान इसे आत्मरक्षा के दृष्टिकोण से देख रहा है।उन्होंने आगे कहा कि इस पर अंतिम फैसला ईरान की सैन्य नेतृत्व करेगा और यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि ब्रिटेन की गतिविधियां कैसी रहती हैं।