Edited By Tanuja,Updated: 01 Apr, 2026 04:27 PM

Israel की Israel Weapon Industries ने India को ‘मेक इन इंडिया’ के तहत 2,000 नेगेव LMG की पहली खेप दी है। कुल 41,000 हथियारों के बड़े सौदे में तकनीक हस्तांतरण भी शामिल है, जिससे भारत की रक्षा क्षमता मजबूत होगी।
International Desk: इजराइल (Israel) की प्रमुख रक्षा कंपनी Israel Weapon Industries (IWI) ने India को हल्के मशीनगनों (LMG) की पहली खेप की आपूर्ति कर दी है। यह आपूर्ति ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत की गई है, जिसमें तकनीक का हस्तांतरण भी शामिल है। कंपनी के अनुसार, कुल 41,000 नेगेव (7.62x51) LMG के बड़े अनुबंध के तहत 2,000 हथियारों की पहली खेप पिछले सप्ताह भारत पहुंचाई गई है। इसके अलावा इस साल के अंत तक 4,000 और मशीनगनों की आपूर्ति की जाएगी। यह परियोजना PLR Systems के जरिए पूरी की जा रही है, जो IWI और Adani Group का संयुक्त उद्यम है। यह भारत की पहली निजी कंपनी है जो छोटे हथियार और गोला-बारूद का निर्माण करती है।
नेगेव LMG की खासियत?
नेगेव 7.62x51 LMG अपनी श्रेणी की सबसे हल्की मशीनगनों में से एक मानी जाती है। इसमें सेमी-ऑटोमैटिक और फुल-ऑटोमैटिक दोनों मोड उपलब्ध हैं, जिससे यह अलग-अलग परिस्थितियों में उपयोगी बनती है। इसका डिजाइन कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए किया गया है। 7.62 मिमी गोला-बारूद के कारण यह मजबूत सुरक्षा घेरे को भी भेद सकती है, जिससे यह शहरी युद्ध और विशेष सैन्य अभियानों के लिए बेहद कारगर मानी जाती है। इस हथियार को हेलीकॉप्टर, सैन्य वाहनों और नौसेना प्लेटफॉर्म पर भी लगाया जा सकता है, जिससे इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है।
भारत-इजराइल रक्षा सहयोग
भारत और इजराइल के बीच पिछले साल रक्षा और तकनीकी सहयोग को बढ़ाने के लिए समझौता हुआ था। इस समझौते का मकसद सह-विकास और सह-उत्पादन को बढ़ावा देना है, जिससे भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता मजबूत हो सके। नेगेव LMG की यह पहली खेप भारत की सैन्य ताकत को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। ‘मेक इन इंडिया’ के तहत तकनीक हस्तांतरण से देश को आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन में भी मदद मिलेगी।