Edited By Parveen Kumar,Updated: 07 Jul, 2026 09:19 PM

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मर्सिडीज की टक्कर से स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जहांगीरपुरी बस स्टैंड पर फुट ओवरब्रिज के पास पांच जुलाई को हुई दुर्घटना के मामले में लग्जरी कार के चालक को...
नेशनल डेस्क : उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मर्सिडीज की टक्कर से स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जहांगीरपुरी बस स्टैंड पर फुट ओवरब्रिज के पास पांच जुलाई को हुई दुर्घटना के मामले में लग्जरी कार के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।" उनके मुताबिक, मृतक की पहचान मंगोलपुरी निवासी 45 वर्षीय दीपक के रूप में हुई। तड़के जब यह हादसा हुआ तब वह काम पर जा रहा था। पुलिस को हादसे की सूचना देने वाले शख्स से महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसने बताया कि हरियाणा पंजीकरण वाली एक मर्सिडीज ने स्कूटर को टक्कर मारी और फिर वाहन चालक घटनास्थल से वाहन सहित फरार हो गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "वाहन का पता लगा लिया गया है और उसके मालिक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत नोटिस दिया गया। मालिक ने खुलासा किया कि दुर्घटना के समय अंश प्रताप सिंह कार चला रहा था।'' जांच के आधार पर, सिंह की पहचान आरोपी के रूप में की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जहांगीरपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 106 (1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मर्सिडीज को जब्त कर लिया गया है। हालांकि, दीपक के परिजनों का कहना है कि वह परिवार में अकेला कमाने वाला था।
दीपक की पत्नी गीता ने कहा कि दीपक एक टाइल्स कंपनी में काम करता था और पांच जुलाई को सुबह छह बजे घर से अपने दफ्तर के लिए निकला था। उन्होंने अपने आंसू रोकने की कोशिश करते हुए कहा, "मेरे पति सामान्य गति से गाड़ी चला रहे थे। वह कभी भी तेज गाड़ी नहीं चलाते थे। तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिए गए और लहूलुहान हो गए और वह मौके से भाग गया।"
गीता ने कहा कि उन्हें बाद में पता चला कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उसे सजा मिले। उन्होंने कहा, "वह हमारे परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। वह हमारे 18 साल के बेटे और दो साल की बेटी की देखभाल कर रहा था।" गीता ने कहा, "अब मैं कहां जाऊंगी? मैंने सारी उम्मीद खो दी है। मैं सरकार से अनुरोध करना चाहूंगी कि मेरे परिवार के सदस्यों की देखभाल की जाए।"