Edited By Parveen Kumar,Updated: 28 May, 2026 11:34 PM

ओडिशा में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और आंधी-तूफान के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार दोपहर और शाम को मयूरभंज,...
नेशनल डेस्क : ओडिशा में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और आंधी-तूफान के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार दोपहर और शाम को मयूरभंज, क्योंझर और अनुगुल जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ ही आंधी-तूफान आया और आकाशीय बिजली गिरी, जिससे तीन लोगों की जान चली गई। इन तीनों जिलों में कुल 94 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा, सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला शहर में 25 मई को आए तूफान के कारण 168 घर क्षतिग्रस्त हो गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि कई पेड़ उखड़ गए, जिसके बाद राहत और बहाली कार्य के लिए 'ओडिशा आपदा त्वरित प्रतिक्रिया बल' (ओडीआरएएफ) का एक दल और दमकल कर्मियों को तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासनों ने उन परिवारों को तिरपाल बांटी हैं जिनके घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस बीच, प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर नाराज निवासियों ने बृहस्पतिवार को राउरकेला में सड़क जाम कर दी। बाद में स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद वो शांत हुए। सुंदरगढ़ जिले के बोनाई शहर में प्रचंड तूफान के कारण कई पेड़ उखड़ गए और कई घरों तथा वाहनों को नुकसान पहुंचा।
बोनाई के उप-जिलाधिकारी अशोक दास ने बताया कि ओडीआरएएफ के एक दल ने सड़कों को साफ करने का काम शुरू कर दिया है, जबकि बिजली आपूर्ति बहाल होने में कुछ समय लग सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले छह दिनों तक ओडिशा के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान जताया है। शुक्रवार के लिए बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अनुगुल, ढेंकनाल, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) जारी किया गया है। क्योंझर, अनुगुल, देवगढ़ और संबलपुर में भारी बारिश की भी संभावना है, जिन्हें ऑरेंज अलर्ट के तहत रखा गया है।
झारसुगुड़ा, बरगढ़, सोनेपुर, बौद्ध, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मलयगिरि (मल्कनगिरी), गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। आईएमडी ने तटीय और दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरे मौसम की भी चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खासकर आकाशीय बिजली व शहरी यातायात को लेकर जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। बृहस्पतिवार को राज्य के 12 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया, जिसमें बलांगीर 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद संबलपुर में 43.1 डिग्री और टिटलागढ़ में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।