Edited By Mehak,Updated: 16 Dec, 2025 03:56 PM

नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने बिहार सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह पथ निर्माण और नगर विकास विभाग संभाल रहे थे। पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।...
नेशनल डेस्क : भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने मंगलवार (16 दिसंबर) को बिहार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। नबीन बिहार में पथ निर्माण और नगर विकास विभाग का कार्य संभाल रहे थे। सोमवार (15 दिसंबर) को दिल्ली पहुंचकर उन्होंने पार्टी में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया था।
अमित शाह से भेंट और आशीर्वाद
पदभार ग्रहण करने के बाद नितिन नबीन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंन कहा, 'राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद आज मैंने केंद्रीय गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उनका मार्गदर्शन हमेशा संगठनात्मक कार्यों को निभाने में प्रेरणा देता रहा है।'
पांच बार के विधायक और अनुभवी नेता
नितिन नबीन बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और पांच बार विधायक रहे हैं। इसके अलावा, वह पहले भी बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
कायस्थ समुदाय से संबंध और युवा नेतृत्व
कायस्थ समुदाय से संबंध रखने वाले नितिन नबीन पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी बनने की संभावना रखते हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, वह इस पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक हैं।
पदभार संभालने के बाद नितिन नबीन का संदेश
पदभार ग्रहण करने के बाद नबीन ने अपने पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में मिली जिम्मेदारी वैचारिक धारा को आगे बढ़ाने का अवसर है, जिसकी नींव पार्टी के संस्थापक सदस्यों ने त्याग, तपस्या और सिद्धांतों पर रखी। उन्होंने आगे कहा कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, संघर्ष और राष्ट्रसेवा के संकल्प से प्रेरित होकर संगठन, सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण के दायित्व को और निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लेते हैं।