Edited By Anu Malhotra,Updated: 15 Dec, 2025 08:44 AM

देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन की संपत्ति का विवरण सामने आया है। हलफनामे के मुताबिक, उनकी जेब में मौजूद नकदी बेहद सीमित है, लेकिन बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और चल-अचल...
नेशनल डेसक: देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। नितिन नबीन अब जेपी नड्डा की जगह पार्टी की कमान संभालेंगे। इस बीच उनकी संपत्ति का विवरण सामने आया है। हलफनामे के मुताबिक, उनकी जेब में मौजूद नकदी बेहद सीमित है, लेकिन बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और चल-अचल संपत्तियों को मिलाकर उनकी कुल संपत्ति करोड़ों में पहुंच चुकी है।
नकद कम, बैंक खातों में लाखों
नितिन नबीन के पास मात्र 35 हजार रुपये नकद हैं। वहीं, अलग-अलग बैंकों में उनके कुल सात खाते हैं। इन खातों में क्रमशः 7 लाख, 10 लाख, 90 हजार, 5 लाख, 12 लाख, 10 लाख और 5 लाख रुपये जमा हैं। यानी बैंक बैलेंस मिलाकर अच्छी-खासी रकम बनती है।
बीमा और गहनों का ब्योरा
बीमा निवेश की बात करें तो नितिन नबीन के नाम एक HDFC और तीन LIC की जीवन बीमा पॉलिसियां दर्ज हैं। इनमें एक पॉलिसी 2 लाख रुपये की है, दूसरी 90 हजार रुपये की और दो अन्य पॉलिसियां 50-50 हजार रुपये की हैं। इसके अलावा हलफनामे में 64 हजार रुपये की सोने की अंगूठी और 76 हजार रुपये की सोने की चेन का भी उल्लेख है।
गाड़ियां और देनदारियां
चल संपत्ति में उनके पास करीब 25 लाख रुपये की इनोवा क्रिस्टा और लगभग 13 लाख रुपये की स्कॉर्पियो शामिल है। हालांकि संपत्ति के साथ-साथ देनदारियां भी हैं। हलफनामे के अनुसार नितिन नबीन पर 56 लाख रुपये से ज्यादा का कर्ज दर्ज है।
कुल संपत्ति कितनी?
12वीं तक पढ़े नितिन नबीन की कुल संपत्ति अब 3 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। उम्र 45 साल बताई गई है और उनके खिलाफ पांच आपराधिक मामलों का भी जिक्र हलफनामे में मौजूद है।
हर चुनाव के साथ बढ़ती संपत्ति
नितिन नबीन की आर्थिक स्थिति में समय के साथ बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 2010 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उनकी कुल संपत्ति करीब 6 लाख रुपये थी और देनदारी लगभग 1 लाख रुपये। 2015 में यह आंकड़ा तेजी से बढ़ा—तब उनकी संपत्ति 1 करोड़ 44 लाख रुपये से ज्यादा हो गई, जबकि देनदारियां 10 लाख रुपये तक पहुंच गईं। 2020 के चुनाव में उनकी संपत्ति बढ़कर 1 करोड़ 72 लाख रुपये हो गई और देनदारियां घटकर सिर्फ 24 हजार रुपये रह गईं। अब 2025 में उनकी कुल संपत्ति 3 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है, जबकि देनदारियां 56 लाख रुपये से ज्यादा दर्ज की गई हैं। दिलचस्प बात यह है कि 2020 के चुनाव के समय भी उनके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज थे।