Edited By Sahil Kumar,Updated: 25 Oct, 2026 05:00 PM

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' दुनिया का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम बन गया है।
रांची: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' दुनिया का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम बन गया है।
नवीन ने रांची के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा में भाजपा की झारखंड इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ 'मन की बात' की ताजा कड़ी सुनने के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम दुनिया का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम बन गया है। पिछले 12 वर्ष से वह (मोदी) देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों और नवाचारों को सामने लाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रहे हैं।''
नवीन ने कहा कि इस कार्यक्रम ने लोगों को नदियों के संरक्षण और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा, ''हमने एक ऐसे प्रधानमंत्री को देखा है, जो देश के नागरिकों से सीधे संवाद करते हैं। यह उनके 25 वर्ष के सेवाकाल और पूरी निष्ठा से किए गए कार्यों को दर्शाता है। यही कारण है कि इतने वर्ष बाद भी लोगों में इस कार्यक्रम के प्रति उतना ही लगाव और रुचि बनी हुई है।''
नवीन ने कहा कि मोदी 'मन की बात' के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के संघर्षों और उनकी प्रगति की कहानियों को भी सामने लाते हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत कई नेता मौजूद थे। नवीन झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को रांची पहुंचे थे। उन्होंने शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया तथा जिलाध्यक्षों और संगठन प्रभारियों के साथ चर्चा की।
पार्टी के नए पदाधिकारियों और संगठन प्रभारियों की नियुक्ति के बाद नवीन ने पहली बार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का यह झारखंड का दूसरा दौरा था। इससे पहले उन्होंने जून में राज्य का दौरा किया था।