पवन खेड़ा का हिमंत बिस्वा शर्मा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप, CM ने दिया जवाब

Edited By Updated: 06 Apr, 2026 02:14 PM

pawan khera accuses himanta biswa sarma s wife of possessing three passports cm

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह की झूठी जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियां होने का आरोप गढ़ा है।

नेशनल डेस्क: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह की झूठी जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियां होने का आरोप गढ़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान असम चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने शर्मा की पत्नी की या उनके परिवार की दुबई में संपत्ति होने, अमेरिका के व्योमिंग में कंपनियां होने या मुखौटा कंपनियों में संपत्ति होने का आरोप लगाया था। 

चुनाव परिणामों को प्रभावित करने का आरोप 
इसके एक दिन बाद यहां एक संवाददाता सम्मेलन में शर्मा ने कहा कि ये आरोप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं, जो कानून के तहत दंडनीय है। भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज इस्तेमाल किए, वे ''पाकिस्तानीज इन अजमान'' नाम के एक सोशल मीडिया समूह से लिए गए थे और उनकी तस्वीर को किसी पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर छेड़छाड़ कर लगाया गया था।

आरोप पूरी तरह निराधार
 शर्मा ने कहा, ''ये आरोप पूरी तरह निराधार हैं, मनगढ़ंत दस्तावेजों पर आधारित हैं और राज्य में चुनावी माहौल को खराब करने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से लगाए गए हैं।'' उन्होंने कहा, ''मुझे चिंता है कि उन्होंने पाकिस्तान की मदद ली। यह कोई साधारण धोखाधड़ी का मामला नहीं, बल्कि राष्ट्र के खिलाफ अपराध है।

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत 
 मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ''पाकिस्तान का पहलू स्पष्ट हो गया है और कानून प्रवर्तन एजेंसियां ​​जांच करते समय इसे ध्यान में रखेंगी।'' शर्मा ने दावा किया कि पाकिस्तान असम चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है और वहां टेलीविजन पर कम से कम 11 'टॉक शो' का सामान्य मत यह था कि कांग्रेस पार्टी को जीतना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पत्नी ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

पत्नी के खिलाफ ऐसे झूठे आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण
 उन्होंने कहा, ''मुझे विश्वास है कि पुलिस मामला दर्ज करेगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।'' शर्मा ने कहा कि चुनाव से पहले ऐसे आरोप लगाना नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश है, जो ''अपराध है और कानून के तहत दंडनीय है।'' उन्होंने यह भी कहा कि यह ''दुर्भाग्यपूर्ण'' है कि असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई इतने नीचे गिर सकते हैं और उनकी पत्नी के खिलाफ ऐसे झूठे आरोप लगा सकते हैं।

तीन पासपोर्ट रखने के आरोप 
 कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया था कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा के तीन पासपोर्ट हैं, दुबई में दो संपत्तियां हैं और उनकी पूंजी मुखौटा कंपनियों में लगी है। आरोपों का खंडन करते हुए शर्मा ने दावा किया कि कोई भी व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय लेनदेन वाले क्रेडिट कार्ड के जरिए किसी वेबसाइट पर जाकर अमेरिका के व्योमिंग राज्य में कंपनी बना सकता है। उन्होंने कहा, ''हमने भी गौरव गोगोई और उनकी पत्नी के नाम पर एक कंपनी बनाई है, जो फर्जी है।

'गोल्डन वीजा' 
 उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से प्राप्त पासपोर्ट और दस्तावेजों में बदलाव कर उनमें उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा का विवरण डाल दिया, लेकिन कुछ ऐसी गलतियां छोड़ दीं, जिससे उनका झूठ पकड़ में आ गया। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट नंबर को गूगल पर साधारण 'रिवर्स सर्च' करने से ही कई विसंगतियां सामने आ गईं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के यात्रा दस्तावेज को लेकर कांग्रेस के दावों पर शर्मा ने कहा, ''संयुक्त अरब अमीरात 'गोल्डन वीजा' जारी करता है, जो पासपोर्ट नहीं होता। यह देश किसी गैर-अमीराती नागरिक या अधिकारी को पासपोर्ट जारी नहीं करता।'' 'गोल्डन वीजा' 10 साल की दीर्घकालिक निवास योजना है, जो निवेशकों, उद्यमियों, विशेषज्ञ प्रतिभाओं और मेधावी छात्रों को बिना प्रायोजक के यूएई में रहने और काम करने की अनुमति देती है। 

अंग्रेजी में लिखी जानकारी में फेरबदल किया गया
शर्मा ने कहा कि दूसरी विसंगति पहचान संख्या में थी, जहां दूसरी संख्या शृंखला जन्म वर्ष को दर्शाती है, जो उनकी पत्नी के मामले में 1973 है, लेकिन उसमें 1996 लिखा गया है। उन्होंने दावा किया, ''वीजा संख्या वास्तव में अशरफ अब्देलकादर अबेलसमद हुसैन नामक व्यक्ति का है, जो 1996 में जन्मा मिस्र का एक नागरिक है, जिसका पासपोर्ट खो गया था और उसकी जानकारी उसे ढूंढने के लिए पाकिस्तानी समूह में डाली गई थी।'' मिस्र के पासपोर्ट को लेकर शर्मा ने कहा कि ''उसमें ऊपर लिखे नंबर और मशीन रीडेबल ज़ोन (एमआरजेड) में दर्ज नंबर में मेल नहीं है।'' उन्होंने दावा किया कि यह पासपोर्ट निहाद इब्राहिम अल सैयद अलनग्गार नामक मिस्र की महिला का है और ''अंग्रेजी में लिखी जानकारी में फेरबदल किया गया, लेकिन अरबी विवरण वही रहे, बस पासपोर्ट नंबर में थोड़ा बदलाव किया गया।

फर्जी पासपोर्ट में 'भारतीय' लिखा गया
उन्होंने यह भी कहा कि पासपोर्ट में जन्म स्थान हमेशा शहर के रूप में लिखा जाता है, लेकिन इस कथित फर्जी पासपोर्ट में 'भारतीय' लिखा गया है। शर्मा ने दावा किया, ''पासपोर्ट में लगी तस्वीर के चेहरे के नैन-नक्श मेरी पत्नी के असली चेहरे से मेल नहीं खाते।'' एंटीगुआ-बारबुडा पासपोर्ट को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कथित फर्जी दस्तावेज में इसे पीए (पर्सनल) लिखा गया है, जबकि एमआरजेड में पीपीए लिखा है, जो एक स्पष्ट टाइपिंग त्रुटि है, और तस्वीर में भी असंगतियां हैं। 

फर्जी दस्तावेजों की तस्वीरें प्रसारित कीं
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 'रिनिकी भुइयां' नाम की एक एलएलसी के फर्जी दस्तावेजों की तस्वीरें प्रसारित कीं, जिनकी तारीख पांच दिसंबर 2025 बताई गई, जबकि यह कंपनी उनके संवाददाता सम्मेलन के बाद बनाई गई। मुखौटा कंपनियों के आरोप पर शर्मा ने कहा, "उन्होंने यही तरीका सेंट किट्स मामले में भी अपनाया था, लेकिन अब वह समय बीत चुका है। किसी भी तरह की जालसाजी पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी; मेरी कानूनी टीम इस पर काम कर रही है।'' सेंट किट्स मामला एक साजिश थी, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री वी पी सिंह को फंसाने के लिए जाली दस्तावेज तैयार किए गए थे, ताकि यह दिखाया जा सके कि उनके बेटे का कैरिबियाई द्वीप सेंट किट्स में अवैध खाता है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!