Edited By Radhika,Updated: 04 Apr, 2026 12:00 PM

अगर आप भी पनीर खाने के शौकीन हैं तो यह खबर आपके होश उड़ा सकती है। गुजरात के सूरत के पांडेसरा इलाके में फूड डिपार्टमेंट ने एक ऐसी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जहां दूध से नहीं बल्कि खतरनाक केमिकल और घटिया तेल से 'नकली पनीर' तैयार किया जा रहा था। लैब...
नेशनल डेस्क: अगर आप भी पनीर खाने के शौकीन हैं तो यह खबर आपके होश उड़ा सकती है। गुजरात के सूरत के पांडेसरा इलाके में फूड डिपार्टमेंट ने एक ऐसी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जहां दूध से नहीं बल्कि खतरनाक केमिकल और घटिया तेल से 'नकली पनीर' तैयार किया जा रहा था। लैब रिपोर्ट में इस पनीर को 'सब-स्टैंडर्ड' और सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक बताया गया है।
दूध की जगह इंडस्ट्रियल एसिड और पामोलिन ऑयल का इस्तेमाल
फूड सेफ्टी ऑफिसर के मुताबिक, पांडेसरा क्राउड कंट्रोल सोसाइटी से जब्त पनीर के सैंपल फेल हो गए हैं। जांच में पता चला है कि यह असली पनीर नहीं बल्कि 'एनालॉग पनीर' था। इसे बनाने के लिए नेचुरल मिल्क फैट की जगह पामोलिन ऑयल और मिल्क सॉलिड पाउडर जैसी खतरनाक चीजों का इस्तेमाल किया जा रहा था। सबसे हैरानी की बात यह है कि दूध को फाड़ने के लिए नींबू या साइट्रिक एसिड की जगह फैक्ट्रियों में इस्तेमाल होने वाले इंडस्ट्रियल एसिड का इस्तेमाल किया जा रहा था।
नकली पनीर से हो सकती हैं जानलेवा बीमारियां
इस बारे में डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि ऐसे नकली पनीर के सेवन से किडनी फेलियर और कोलन कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं। मुख्य आरोपी पिछले 2 साल से यह नेटवर्क चला रहा था, जिसके लिए उसने महाराष्ट्र के एक पते पर FSSAI लाइसेंस बनवाया था। आरोपी ने नकली पनीर बनाने के लिए 28 लाख रुपये की हाई-टेक मशीनें लगाई थीं और रोजाना 400 kg नकली पनीर तैयार करता था।
आधी कीमत पर उपलब्ध है ये पनीर
बाजार में जहां असली पनीर की कीमत 380 रुपये प्रति kg है और यह 400-450 रुपये में बिकता है, वहीं यह गैंग इस जहरीले पनीर को सिर्फ 180 से 220 रुपये में बेच रहा था। यह पनीर ज्यादातर छोटी डेयरियों, रेहड़ी-पटरी वालों और सस्ते होटलों में सप्लाई किया जाता था। प्रशासन ने अब इस रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।