परिवार करता रहा श्राद्ध… 11 साल बाद जिंदा घर लौटी बुजुर्ग महिला, सच्चाई जानकर उड़ जाएंगे होश

Edited By Updated: 22 Mar, 2026 09:06 PM

elderly woman returned home alive after 11 years

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दौज्जा गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। करीब 11 साल पहले लापता हुई 80 वर्षीय महिला लीलावती अचानक जिंदा अपने घर लौट आईं। जिन्हें परिवार ने वर्षों पहले मृत मान...

नेशनल डेस्क : चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दौज्जा गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। करीब 11 साल पहले लापता हुई 80 वर्षीय महिला लीलावती अचानक जिंदा अपने घर लौट आईं। जिन्हें परिवार ने वर्षों पहले मृत मान लिया था और उनका श्राद्ध तक किया जा चुका था, उनकी वापसी ने पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ा दी है।

2015 में हुई थीं लापता

जानकारी के अनुसार, लीलावती वर्ष 2015 में अपने खेत की ओर गई थीं, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटीं। उनकी मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण परिजनों को आशंका थी कि वे रास्ता भटक गई होंगी। परिवार ने उन्हें खोजने के लिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तलाश की, गुमशुदगी दर्ज कराई और पोस्टर भी लगाए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

उम्मीद छोड़कर कर दिया था श्राद्ध

करीब चार साल तक लगातार खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार ने उन्हें मृत मान लिया। पिछले कई वर्षों से उनका श्राद्ध भी किया जा रहा था। परिजन मान चुके थे कि अब लीलावती इस दुनिया में नहीं हैं।

जम्मू-कश्मीर में मिलीं जिंदा

इसी बीच, लीलावती भटकते हुए जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में पहुंच गई थीं। वहां भारतीय सेना और स्थानीय पुलिस ने उन्हें बेसहारा हालत में देखा और अपने संरक्षण में लिया। उनकी पहचान जानने के लिए प्रयास शुरू किए गए, जिसके बाद जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस तक पहुंची।

वीडियो कॉल से हुई पहचान

जब बागपत पुलिस के जरिए परिजनों को सूचना दी गई, तो शुरुआत में उन्हें भरोसा नहीं हुआ। बाद में सेना के अधिकारियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से लीलावती को दिखाया, जिसके बाद परिवार भावुक हो गया और उन्हें पहचान लिया।

गांव में जश्न का माहौल

सूचना मिलते ही परिजन सुरनकोट पहुंचे और लीलावती को अपने साथ घर ले आए। उनके घर पहुंचते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। लोगों ने मिठाइयां बांटी, जश्न मनाया और इस अद्भुत घटना को चमत्कार बताया। परिवार का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि लीलावती दोबारा मिलेंगी। अब उन्हें अपने बीच पाकर सभी बेहद खुश और भावुक हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!