Edited By Parveen Kumar,Updated: 30 Mar, 2026 07:56 PM

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्राइमरी स्कूल की छात्रा ने कथित रूप से शिक्षकों की डांट-फटकार और अपमान से आहत होकर आत्महत्या कर ली।
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्राइमरी स्कूल की छात्रा ने कथित रूप से शिक्षकों की डांट-फटकार और अपमान से आहत होकर आत्महत्या कर ली।
स्कूल में डांट और कथित मारपीट का आरोप
मामला सौरिख थाना क्षेत्र के बेहटा रामपुर गांव का है। यहां रहने वाले अजय बाथम की 6 वर्षीय बेटी निधि गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा 3 की छात्रा थी। परिवार के अनुसार, शनिवार को वह रोज की तरह स्कूल गई थी। आरोप है कि स्कूल में शिक्षकों ने उसके गंदे कपड़े पहनकर आने और न नहाने को लेकर उसे डांटा, अपमानित किया और मारपीट भी की।
घर लौटकर उठाया खौफनाक कदम
मृतक छात्रा की मां आरती के मुताबिक, निधि रोते हुए घर लौटी, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। इसके बाद उसने घर के बरामदे में मां की साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दो महिला शिक्षिकाओं समेत चार लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी शिक्षकों—रोहित, मृदुला, आकांक्षा और महेंद्र सिंह—के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी प्रताड़ना का आरोप
मृतका की बहन रिया का कहना है कि स्कूल में पहले भी निधि के साथ मारपीट और परेशान करने की घटनाएं हुई थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।