विशाखापत्तनम की तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाका, भीषण आग से इलाके में मची अफरा-तफरी

Edited By Updated: 03 Nov, 2026 12:11 AM

powerful explosion at an oil refinery in visakhapatnam

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में स्थित एक तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। घटनास्थल से उठती आग की ऊंची लपटों और घने धुएं के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन...

नेशनल डेस्क : आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सोमवार को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की बड़ी रिफाइनरी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई देने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद रिफाइनरी परिसर से धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग रिफाइनरी परिसर में स्थित सल्फर पिच टैंक में लगी। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग इसी टैंक तक सीमित है और संयंत्र के अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों तक इसके फैलने की कोई सूचना नहीं है। स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही एचपीसीएल की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इसके अलावा, दमकल विभाग की कई गाड़ियों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है। रिफाइनरी प्रबंधन और संबंधित अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं, ताकि आग को दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोका जा सके।

पुलिस ने दी स्थिति की जानकारी

विशाखापत्तनम के पुलिस आयुक्त ने बताया कि आग फिलहाल सल्फर पिच टैंक तक ही सीमित है। संयंत्र के अन्य हिस्सों पर किसी बड़े खतरे की जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों के मुताबिक, धुएं से फिलहाल किसी गंभीर खतरे की आशंका नहीं जताई गई है। हालांकि, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

इस घटना में अब तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद घटना के कारणों तथा संभावित नुकसान का आकलन किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन और रिफाइनरी प्रबंधन की प्राथमिकता आग को नियंत्रित करना और किसी भी तरह के बड़े हादसे को रोकना है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!