Edited By Parveen Kumar,Updated: 25 Oct, 2026 08:09 PM

हैदराबाद में देवी दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए निकाली जा रही शोभायात्रा के पास कथित तौर पर अंडा फेंके जाने के बाद लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस...
नेशनल डेस्क : हैदराबाद में देवी दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए निकाली जा रही शोभायात्रा के पास कथित तौर पर अंडा फेंके जाने के बाद लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात करीब दो बजे मदन्नापेट थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद शोभायात्रा में शामिल लोगों और कुछ स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अंडा शोभायात्रा के पास गिरा था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से उसके धर्म या धार्मिक मान्यताओं का जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से अपमान करने से संबंधित है। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा, ''हमें सूचना मिली थी कि शनिवार देर रात करीब दो बजे जब मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन की शोभायात्रा एक गली से गुजर रही थी, तभी किसी ने अंडा फेंका।''
अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शोभायात्रा के आयोजकों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण है और पुलिस ने लोगों से अफवाहें नहीं फैलाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।