Edited By Rohini Oberoi,Updated: 28 Jun, 2026 10:52 AM

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। यहां के नामी FirstCry Intellitots Preschool में प्रबंधन की बड़ी लापरवाही की वजह से 23 महीने के एक मासूम बच्चे को भारी दर्द से...
Sambhajinagar Preschool Case : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। यहां के नामी FirstCry Intellitots Preschool में प्रबंधन की बड़ी लापरवाही की वजह से 23 महीने के एक मासूम बच्चे को भारी दर्द से गुजरना पड़ा। स्कूल प्रशासन ने मासूम को आधे घंटे तक बिना किसी आया या टीचर के अकेले छोड़ दिया जिसके बाद एक दूसरे बच्चे ने उस पर कई बार हमला किया और उसे बुरी तरह काट लिया। वहीं पुलिस ने इस मामले में कंपनी के CEO समेत 6 लोगों पर एफआईआर (FIR) दर्ज की है और शिक्षा विभाग ने कड़ा एक्शन लेते हुए डे-केयर यूनिट को बंद करने का फरमान सुनाया है।
CCTV ने खोली पोल
यह पूरी घटना प्लेस्कूल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है जिसने स्कूल के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक प्लेस्कूल के स्टाफ ने 23 महीने के एक बेहद छोटे बच्चे को करीब 30 मिनट (आधे घंटे) तक एक कमरे में पूरी तरह लावारिस छोड़ दिया। उस वक्त कमरे में न तो कोई शिक्षक मौजूद था और न ही कोई आया (केयरटेकर)। इसी दौरान कमरे में मौजूद एक दूसरे बच्चे ने उस मासूम पर कई बार हमला किया और उसे शरीर पर कई जगह बुरी तरह काट लिया। बच्चा दर्द से चिल्लाता रहा लेकिन काफी देर तक उसकी चीखें सुनने वाला कोई नहीं था।
वहीं इस घटना के बाद पीड़ित बच्चे के माता-पिता का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जब वे बच्चे को लेने पहुंचे तो स्कूल मैनेजमेंट ने शुरुआत में घटना की गंभीरता को छुपाने की कोशिश की और इसे एक छोटी-मोटी बात बताया। आरोप है कि बच्चे के शरीर पर गहरे जख्म होने के बावजूद स्कूल स्टाफ उसे तुरंत किसी नजदीकी अस्पताल या डॉक्टर के पास लेकर नहीं गया जिससे उसकी तकलीफ और बढ़ गई।
यह भी पढ़ें: 2004 कॉल्स, डिलीट चैट और वो खौफनाक... भाई के क्रिकेट वाले दोस्त से हुआ प्यार, जानें कैसे शुरू हुई सिया-चेतन की Lovestory?
CEO समेत 6 पर केस दर्ज
मासूम के माता-पिता की लिखित शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गए हैं। पुलिस ने लापरवाही बरतने और बच्चे की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में फर्स्टक्राई प्रीस्कूल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) समेत कुल 6 जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। घटना की भनक लगते ही शिक्षा विभाग की एक विशेष टीम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। नियमों की धज्जियां उड़ते देख विभाग ने तुरंत प्रभाव से इस संस्थान की 'डे केयर यूनिट' को बंद करने के कड़े आदेश जारी कर दिए हैं।