Edited By Mehak,Updated: 06 Apr, 2026 05:00 PM

Samsung ने अपने Samsung Messages ऐप को जुलाई 2026 तक बंद करने का फैसला लिया है। कंपनी अब Google Messages को डिफॉल्ट मैसेजिंग ऐप बना रही है। नए गैलेक्सी डिवाइस में यह पहले से उपलब्ध है। यूजर्स अपने पुराने मैसेज और कॉन्टैक्ट्स को आसानी से ट्रांसफर कर...
नेशनल डेस्क : Samsung ने अपने पुराने मैसेजिंग ऐप को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने ऐलान किया है कि वह अपने Samsung Messages ऐप को बंद करने जा रही है और यूजर्स को अब Google Messages पर शिफ्ट होने की सलाह दी है। यह बदलाव मैसेजिंग सिस्टम को ज्यादा आधुनिक और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
जुलाई 2026 तक बंद होगा Samsung Messages
सैमसंग ने अपनी आधिकारिक जानकारी में बताया है कि Samsung Messages ऐप को जुलाई 2026 तक पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। हालांकि इसकी सटीक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। यूजर्स को इस बदलाव की जानकारी ऐप के जरिए नोटिफिकेशन के रूप में मिलती रहेगी, ताकि वे समय रहते दूसरे प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट हो सकें। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि Android 11 या उससे पुराने वर्जन पर चलने वाले कुछ डिवाइस इस बदलाव से सीधे प्रभावित नहीं होंगे। वहीं नए गैलेक्सी स्मार्टफोन और टैबलेट में यह ऐप पहले से इंस्टॉल नहीं दिया जा रहा है।
Google Messages बनेगा नया डिफॉल्ट
आने वाले सभी गैलेक्सी डिवाइस में अब Google Messages को डिफॉल्ट मैसेजिंग ऐप के रूप में दिया जाएगा। यूजर्स को इसे अपने फोन में डिफॉल्ट SMS ऐप के तौर पर सेट करना होगा। जब यूजर ऐप खोलेंगे, तो उन्हें “Set default SMS app” का विकल्प दिखाई देगा, जिससे वे आसानी से इसे एक्टिव कर सकते हैं।
सैमसंग ने यह भी भरोसा दिलाया है कि यूजर्स अपने पुराने मैसेज और कॉन्टैक्ट्स को आसानी से ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके लिए Smart Switch और Google Drive जैसे विकल्प दिए गए हैं, जिससे डेटा सुरक्षित रहेगा।
पुराने डिवाइस यूजर्स पर असर
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर पुराने डिवाइस इस्तेमाल करने वाले यूजर्स पर पड़ेगा। खासकर पुराने Galaxy Watch मॉडल, जो Tizen OS पर चलते हैं, वे Google Messages को पूरी तरह सपोर्ट नहीं करते। ऐसे में Samsung Messages बंद होने के बाद इन डिवाइस में मैसेज हिस्ट्री देखने में दिक्कत आ सकती है। हालांकि बेसिक मैसेज भेजना और पढ़ना संभव रहेगा। इसके अलावा 2022 से पहले लॉन्च हुए कुछ डिवाइस में RCS (Rich Communication Services) से जुड़ी समस्याएं भी आ सकती हैं।
क्या होंगे बदलाव
Samsung Messages बंद होने के बाद सामान्य मैसेजिंग सुविधाएं सीमित हो सकती हैं। कुछ मामलों में यूजर्स केवल जरूरी या इमरजेंसी मैसेज ही भेज पाएंगे। इसलिए कंपनी ने सभी यूजर्स को सलाह दी है कि वे समय रहते Google Messages पर स्विच कर लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।