Edited By Anu Malhotra,Updated: 13 Mar, 2026 08:10 AM

Shivam Dubey House: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर शिवम दुबे इन दिनों अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी काफी चर्चा बटोर रहे हैं। हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की जीत में 'एक्स फैक्टर' की...
Shivam Dubey House: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर शिवम दुबे इन दिनों अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी काफी चर्चा बटोर रहे हैं। हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की जीत में 'एक्स फैक्टर' की भूमिका निभाने वाले शिवम ने मुंबई के ओशिवारा इलाके में एक बेहद कीमती और आलीशान आशियाना बसाया है। दिलचस्प बात यह है कि उनका यह नया घर उसी मशहूर 'डीएलएच एन्क्लेव' (DLH Enclave) बिल्डिंग में है, जहां कॉमेडी किंग कपिल शर्मा और मशहूर सिंगर मीका सिंह जैसे दिग्गज रहते हैं।
करोड़ों की डील और आलीशान फ्लैट की खासियत
स्क्वायरयार्ड्स के प्रॉपर्टी दस्तावेजों के जरिए यह खुलासा हुआ है कि शिवम दुबे ने इस बिल्डिंग की 17वीं और 18वीं मंजिल पर दो फ्लैट खरीदे हैं। हालांकि यह डील उन्होंने पिछले साल जून में ही पूरी कर ली थी, लेकिन इसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है। इस लग्जरी प्रॉपर्टी की कीमत लगभग 27.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अगर घर के फैलाव की बात करें, तो इन दोनों अपार्टमेंट्स का कुल क्षेत्रफल 4,200 वर्ग फुट है। इस घर की सबसे बड़ी खासियत इसकी 3,800 वर्ग फुट की विशाल बालकनी है, जहां से मैंग्रोव और खाड़ी का बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। अब शिवम न केवल क्रिकेट के मैदान पर बल्कि ग्लैमर जगत के सितारों के बीच भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
ट्रेन यात्रा से लेकर बॉलीवुड सितारों के पड़ोस तक का सफर
शिवम दुबे पिछले कुछ दिनों से अपनी सादगी के लिए भी खबरों में थे, जब उन्हें अहमदाबाद से मुंबई के लिए ट्रेन में सफर करते देखा गया था। एक तरफ जहां उन्होंने आम लोगों की तरह सफर कर सुर्खियां बटोरीं, वहीं अब बॉलीवुड के दिग्गजों जैसे मिका सिंह और कपिल शर्मा का पड़ोसी बनकर उन्होंने सबको चौंका दिया है। इसी बिल्डिंग में दिवंगत अभिनेता इरफान खान का भी घर है। शिवम का यह नया निवेश उनके करियर के बढ़ते ग्राफ और उनकी सफलता की कहानी को साफ बयां करता है।
टी20 विश्व कप 2026 में रहा दमदार प्रदर्शन
मैदान पर शिवम दुबे का जादू इस बार सिर चढ़कर बोला। 2026 के टी20 विश्व कप में उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विरोधी टीमों के छक्के छुड़ा दिए। खासकर टूर्नामेंट के फाइनल मैच में आखिरी ओवरों में उनके बल्ले से निकले महत्वपूर्ण रनों ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।