Edited By Parveen Kumar,Updated: 18 Aug, 2026 12:27 AM

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'वंदे मातरम्' विवाद को लेकर सोमवार को कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए दावा किया कि पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत का अपमान करके "पाप किया"। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम्...
नेशनल डेस्क : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'वंदे मातरम्' विवाद को लेकर सोमवार को कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए दावा किया कि पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत का अपमान करके "पाप किया"। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम् का पूरा संस्करण बजाए जाने के दौरान गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर इशारा करते हुए देखा गया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था।
भाजपा का दावा है कि यह पूरे संस्करण को रोकने की कोशिश थी। चौहान ने तीखा हमला बोलते हुए गांधी से खुले तौर पर राष्ट्रगीत का अपमान करने के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने बारां के कृषि उपज मंडी मैदान में 1,258 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के अपमान के खिलाफ कानून होने के बावजूद कांग्रेस पार्टी की नेता का अहंकार इतना ज्यादा हैं कि उन्होंने खुले तौर पर राष्ट्रगीत का अपमान किया।"
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा समेत कई अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। चौहान ने यह भी कहा कि 'भारत माता' पूजनीय मातृभूमि है और वंदे मातरम् अभिवादन का गीत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत गाने से इनकार करने या उसे रोकने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा भी की कि केंद्र मिलावटी और घटिया बीज, उर्वरक तथा कीटनाशकों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के लिए सख्त कानून तैयार कर रहा है। चौहान ने कहा कि 1966 के मौजूदा कानून में 500 से 1,000 रुपये तक का मामूली जुर्माना है। उन्होंने दावा किया कि यह धोखाधड़ी वाली गतिविधियों को रोकने में प्रभावी नहीं है।