प्रिंस की हत्या कर पत्नी तुलसी को ले गया शोएब, 6 महीने बाद सेप्टिक टैंक से मिली खोपड़ी और हड्डियां; ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

Edited By Updated: 12 Feb, 2026 11:20 PM

shoaib killed prince and took away his wife tulsi

मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी में छह महीने पहले हुई एक रहस्यमयी गुमशुदगी का मामला अब हत्या में बदल गया है।

नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी में छह महीने पहले हुई एक रहस्यमयी गुमशुदगी का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में तीन मुख्य किरदार हैं—मृतक प्रिंस वाल्मीकि, उसकी पत्नी तुलसी बाई और तुलसी का प्रेमी शोएब खान। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सेप्टिक टैंक से प्रिंस की खोपड़ी और कई हड्डियां बरामद की हैं।

क्या है पूरा मामला?

देवरी थाना प्रभारी समरथ सीनम के अनुसार, सागर के लक्ष्मी नगर बहेरिया निवासी 22 वर्षीय प्रिंस वाल्मीकि अपनी पत्नी तुलसी बाई के साथ देवरी में रह रहा था। 20 अगस्त 2025 की शाम करीब 7 बजे प्रिंस घर से यह कहकर निकला कि वह कहीं जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कई दिनों तक कोई खबर नहीं मिलने पर 25 अगस्त 2025 को उसकी पत्नी तुलसी बाई ने देवरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक प्रिंस का कोई सुराग नहीं मिला।

कैसे खुला हत्या का राज?

जांच के दौरान पुलिस को तुलसी बाई और शोएब खान (23), निवासी सुखचैन वार्ड, के बीच नजदीकी संबंधों की जानकारी मिली। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 8 फरवरी 2026 को शोएब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में शोएब पुलिस को गुमराह करता रहा और अलग-अलग कहानियां सुनाता रहा। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और उसने प्रिंस की हत्या करने की बात कबूल कर ली। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके प्रिंस की पत्नी तुलसी के साथ अवैध संबंध थे।

हत्या कैसे की गई?

आरोपी शोएब ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त 2025 को उसने प्रिंस को शराब पिलाई और उसे सनशाइन स्कूल के गार्डन में ले गया। रात के अंधेरे में उसने पत्थर से प्रिंस का सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को पास में स्थित एक पुराने टॉयलेट के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो।

6 महीने बाद मिली खोपड़ी और हड्डियां

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक की खुदाई कराई। मलबे से प्रिंस की खोपड़ी और कुछ हड्डियां बरामद की गईं। जब पूरा कंकाल नहीं मिला, तो पुलिस ने 9 फरवरी 2026 की रात दोबारा गहन जांच की। इसके बाद बड़ी संख्या में अन्य हड्डियां भी उसी स्थान से बरामद की गईं। पुलिस अब फॉरेंसिक जांच के जरिए सबूतों को मजबूत कर रही है।

हत्या के बाद क्या किया आरोपी ने?

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शोएब, तुलसी बाई को लेकर गुजरात के सूरत चला गया था। वहीं से वह प्रिंस के परिवार वालों को फोन कर गुमराह करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। फिलहाल आरोपी शोएब पुलिस की गिरफ्त में है। उससे पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में तुलसी बाई की क्या भूमिका थी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!