रात में हुआ झगड़ा, सुबह छत पर मिली लाश… पत्नी के दोस्त की हत्या कर पति हुआ फरार

Edited By Updated: 09 Feb, 2026 09:34 PM

a fight broke out at night and the body was found on the roof in the morning

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के 28 वर्षीय दोस्त की अवैध संबंध के संदेह में लाठी से पीट-पीटकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक रवि का शव एक घर की छत पर मिला और उसके सिर...

नेशनल डेस्क : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के 28 वर्षीय दोस्त की अवैध संबंध के संदेह में लाठी से पीट-पीटकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक रवि का शव एक घर की छत पर मिला और उसके सिर पर चोट के कई निशान थे। पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार सुबह उस समय सामने आई, जब महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति गौरी शंकर यादव ने रवि को पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी।

यादव, हत्या को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, घटना यादव के सूरत से दिल्ली लौटने के एक दिन बाद सात फरवरी की रात को हुई। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली यादव की 35 वर्षीय पत्नी ने पुलिस को बताया कि रवि उसका घनिष्ठ मित्र था और उसने मुश्किल समय में उसे सहारा दिया था। महिला ने बताया कि लगभग 10 महीने पहले, जब उसके पति बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती थे, तब रवि ने उसकी रोजाना की जरूरतों में मदद की थी।

पुलिस ने महिला के हवाले से बताया कि ठीक होने के तुरंत बाद यादव काम के लिए सूरत चले गए लेकिन लगभग दो महीने बाद उन्होंने पैसे भेजना बंद कर दिया, जिससे परिवार आर्थिक तंगी से जूझने लगा। पुलिस के मुताबिक, रवि की मदद से महिला ने अपने बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए गोकुलपुरी में एक खाने का स्टॉल शुरू किया। महिला ने बताया कि लगभग एक महीने पहले, रवि ने उन्हें उसी इलाके में एक कमरा किराए पर लेने में मदद की, जहां वह अपने बच्चों और रवि के साथ रहने लगी।

पुलिस के मुताबिक, छह फरवरी को यादव सूरत से दिल्ली लौटा और रवि के घर में रहने और महिला के साथ उसके रिश्ते को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि सात फरवरी की रात को इसी बात पर झगड़े के बाद महिला ने रवि को छत पर सोने के लिए कहा।

पुलिस ने बताया कि कुछ मिनट बाद यादव भी अपना बिस्तर लेकर छत पर गया और सीढ़ियों के पास टहलते हुए व खिड़की से कमरे में झांकते हुए दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक, अगली सुबह जब महिला छत पर गई, तो उसे रवि का खून से लथपथ शव मिला और पास ही खून से सना एक मोटा लकड़ी का डंडा दो टुकड़ों में टूटा हुआ पड़ा था। पुलिस ने बताया कि रवि को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!