Edited By Mansa Devi,Updated: 11 Feb, 2026 09:19 AM

देशभर में मौसम का मिजाज अगले 3 दिनों में तेजी से बदलता नजर आ रहा है। दिन के समय जहां हल्की गर्मी महसूस होने लगी है, वहीं रात में ठंड अब भी लोगों को परेशान कर रही है। इसी बीच कुछ राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश की गतिविधियां भी देखने को...
नेशनल डेस्क: देशभर में मौसम का मिजाज अगले 3 दिनों में तेजी से बदलता नजर आ रहा है। दिन के समय जहां हल्की गर्मी महसूस होने लगी है, वहीं रात में ठंड अब भी लोगों को परेशान कर रही है। इसी बीच कुछ राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल रही हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बदलाव जारी रहेगा।
पूर्वी भारत में बढ़ेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसका मतलब है कि पूर्वी राज्यों में अब ठंड धीरे-धीरे कम होगी और गर्मी की शुरुआत महसूस होने लगेगी।
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
वेस्टर्न हिमालयी क्षेत्र में दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके प्रभाव से 11 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि 14 और 15 फरवरी को भी इन इलाकों में कई स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 16 फरवरी को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
इन राज्यों में अब भी सर्दी का असर
हालांकि कई हिस्सों में दिन के समय तापमान बढ़ रहा है, लेकिन उत्तर भारत और कुछ अन्य राज्यों में ठंड अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। पश्चिम और पूर्वी भारत के कई इलाकों में तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान राजस्थान के पाली में 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मेघालय में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि अन्य कई राज्यों में हल्का कोहरा देखा जा सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में साफ रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के करीब रहेगा। दिन में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले दिन भी मौसम साफ रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।