Edited By Rohini Oberoi,Updated: 19 Jan, 2026 12:55 PM

मशहूर प्लेबैक सिंगर अरमान मलिक के चाहने वालों के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। अपनी जादुई आवाज से लाखों दिलों पर राज करने वाले अरमान इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक फोटो वायरल होने के बाद फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआएं कर...
Armaan Malik hospitalised: मशहूर प्लेबैक सिंगर अरमान मलिक के चाहने वालों के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। अपनी जादुई आवाज से लाखों दिलों पर राज करने वाले अरमान इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक फोटो वायरल होने के बाद फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।
अस्पताल से आई तस्वीर ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें
अरमान मलिक ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से एक फोटो साझा की है जिसमें वे अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं। फोटो में अरमान के हाथ में ग्लूकोज की ड्रिप लगी हुई देखी जा सकती है। सिंगर ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, "पिछले कुछ दिन अच्छे नहीं बीते।" हालांकि अरमान ने यह साफ नहीं किया है कि उन्हें असल में क्या बीमारी हुई है या वे अस्पताल में क्यों भर्ती हैं लेकिन उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी सेहत ठीक नहीं चल रही थी।
फैंस दे रहे हैं गेट वेल सून की दुआएं
जैसे ही अरमान ने यह फोटो पोस्ट की कमेंट सेक्शन में उनके प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। यूजर्स पूछ रहे हैं कि अचानक उन्हें क्या हुआ और क्या यह कोई गंभीर समस्या है? बढ़ती चिंता को देखते हुए अरमान ने फैंस को शांत रहने को कहा और बताया कि अब उनकी हालत पहले से बेहतर है। वे फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में आराम कर रहे हैं। इसी बीच अरमान ने एक प्रेरक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा था— "इस साल जिन चीजों का आपको ख्याल रखना है, उस लिस्ट में अपना नाम शामिल करना न भूलें।"
भाई अमाल मलिक के साथ तुलना पर थे चर्चा में
अस्पताल में भर्ती होने से कुछ दिन पहले ही अरमान एक और वजह से चर्चा में आए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर उन लोगों को कड़ी फटकार लगाई थी जो उनकी तुलना उनके बड़े भाई और म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक से करते हैं। उन्होंने कहा कि हम दोनों के रास्ते अलग हैं लेकिन हम एक-दूसरे की सफलता से खुश होते हैं। अरमान ने स्पष्ट किया कि उन्हें और उनके भाई को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश बंद होनी चाहिए।