Edited By Sahil Kumar,Updated: 04 Oct, 2026 04:19 PM

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक कंटेनर ट्रक द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारे जाने की घटना में दोपहिया सवार एक दंपति और उनके चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि उनका दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
नागपुरः महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक कंटेनर ट्रक द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारे जाने की घटना में दोपहिया सवार एक दंपति और उनके चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि उनका दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा शनिवार रात करीब 9:15 बजे हिंगना थाना क्षेत्र के अंतर्गत वर्धा मार्ग पर गवासी मनापुर के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, दंपति अपने दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी, जिससे चारों लोग सड़क पर गिर गए।
उन्होंने बताया कि हादसे में दंपति और उनके एक बेटे को गंभीर चोटें आईं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल उनके दूसर बेटे (6) को इलाज के लिए तुरंत खपरी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान योगेश नाइक (35), सुनीता योगेश नाइक और गुलशन उर्फ गोलू योगेश नाइक (4) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि कंटेनर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।