Edited By Parveen Kumar,Updated: 16 Sep, 2026 12:41 AM

राजस्थान के टोंक जिले में जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार एसयूवी आगे चल रहे डंपर से टकरा गई, जिससे 41 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा दूनी थाना क्षेत्र में पोल्याड़ा गांव के पास...
नेशनल डेस्क : राजस्थान के टोंक जिले में जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार एसयूवी आगे चल रहे डंपर से टकरा गई, जिससे 41 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा दूनी थाना क्षेत्र में पोल्याड़ा गांव के पास हुआ।
मृतक की पहचान मालपुरा के जनकपुरा टोरड़ी निवासी राजाराम जाट के रूप में हुई है। दूनी थाने के उपनिरीक्षक बद्रीलाल यादव ने बताया कि राजाराम किसी काम से देवली गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल राजाराम को दूनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, एसयूवी की रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी और इसी दौरान वह पोल्याड़ा गांव के पास आगे चल रहे डंपर से टकरा गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर राजाराम हादसे से कुछ समय पहले फेसबुक पर अपनी यात्रा की लाइव स्ट्रीमिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वाहन का 'स्पीडोमीटर' भी दिखाई दे रहा है।