Edited By Ramkesh,Updated: 10 Apr, 2026 05:34 PM

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पांटून पुल से टकराकर अचानक पलट गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 22 लोगों को...
मथुरा (मदन सारस्वत): उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पांटून पुल से टकराकर अचानक पलट गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। इस हादसे पर सीएम योगी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पुलिस के अनुसार, नाव में सवार श्रद्धालु पंजाब के लुधियान शहर से आए थे और वृंदावन से देवराहा बाबा मठ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाव मरम्मत कार्य चल रहे पांटून ब्रिज से टकरा गई और संतुलन बिगड़ने से पलट गई।

राहत और बचाव अभियान तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और फायर ब्रिगेड के जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

प्रशासन और सरकार अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांटून पुल पर मरम्मत कार्य चल रहा था और उसी दौरान नाव उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नाव पलट गई और उसमें सवार लोग नदी में गिर गए। यह हादसा एक बार फिर नदी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।