Edited By Rahul Rana,Updated: 04 Aug, 2026 08:30 PM

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि अमेरिका और ईरान मंगलवार या बुधवार तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने और कमर्शियल जहाजों के आवागमन की स्वतंत्रता बहाल करने के लिए एक समझौते पर पहुंच सकते हैं।
अमेरिका-ईरान संघर्ष में नए सिरे से तनाव बढ़ने के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि अमेरिका और ईरान मंगलवार या बुधवार तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने और कमर्शियल जहाजों के आवागमन की स्वतंत्रता बहाल करने के लिए एक समझौते पर पहुंच सकते हैं। एक इंटरव्यू के दौरान बेसेंट ने बताया कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत जारी है।
बहुत जल्द समझौता संभव
उन्होंने कहा, “हम ईरान के अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। हो सकता है कि आज या कल कोई समझौता हो जाए, जिससे जलडमरूमध्य को खोला जा सके और इस टकराव में हालात सामान्य हो सकें।” जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान को इस अहम समुद्री रास्ते का इस्तेमाल करने वाले जहाजों से टोल वसूलने की इजाजत होगी, तो बेसेंट ने कहा कि समझौते में “आवाजाही की आजादी” की व्यवस्था होगी।
तेल कीमतों पर असर
बेसेंट के बयान के बाद यूएस क्रूड ऑयल फ्यूचर्स में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट आई और कीमत 78 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई। उन्होंने कहा कि जब फारस की खाड़ी में फंसे हुए बड़ी संख्या में कमर्शियल जहाज अपनी यात्रा फिर से शुरू कर सकेंगे, तो कीमतें और गिर सकती हैं। बेसेंट ने बताया, “यह सिर्फ ऊर्जा की बात नहीं है। इसमें फर्टिलाइजर, रिफाइंड प्रोडक्ट्स और कई तरह की इंडस्ट्रियल गैसें भी शामिल हैं। जैसे-जैसे कीमतें कम होंगी, हमें ‘रिलीफ ट्रेड’ देखने को मिल सकती है।”
हमला टालने का दावा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के मकसद से बातचीत का मौका देने के लिए ईरान पर एक बड़ा हमला टाल दिया। बता दें कि 17 जून को अमेरिका और ईरान ने होर्मुज को फिर से खोलने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन कुछ हफ्तों बाद लड़ाई फिर शुरू हो गई। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत नहीं हो पाए कि जहाजों को कौन से शिपिंग रूट का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके बाद ईरान ने अमेरिकी सुरक्षा में गुजरने वाले टैंकरों पर हमले शुरू कर दिए।
तेहरान क्या चाहता है?
मिली जानकारी के मुताबिक, तेहरान चाहता है कि कमर्शियल जहाज जलडमरूमध्य का इस्तेमाल करते समय ईरानी समुद्री सीमा से होकर गुजरें। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण शिपिंग रूट्स में से एक है, जहां से ऊर्जा सप्लाई और अन्य कमर्शियल सामान गुजरते हैं।