सोने की चमक के पीछे बड़ा खेल, हैदराबाद के ‘सूर्या भाई’ की सच्चाई आई सामने

Edited By Updated: 30 Mar, 2026 09:50 PM

surya bhai income tax raid

हैदराबाद से सामने आई एक चौंकाने वाली कहानी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। तिरुमाला मंदिर के बाहर सिर से पैर तक सोने के गहनों में नजर आने वाला ‘सूर्या भाई’ ....

नेशनल डेस्क: हैदराबाद से सामने आई एक चौंकाने वाली कहानी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। तिरुमाला मंदिर के बाहर सिर से पैर तक सोने के गहनों में नजर आने वाला ‘सूर्या भाई’ असल में करोड़पति नहीं, बल्कि एक बड़ा दिखावा करने वाला शख्स निकला। आयकर विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि उसके शरीर पर चमकने वाले ज्यादातर गहने असली सोने के नहीं, बल्कि नकली थे।

कौन है ‘सूर्या भाई’?

इस शख्स का असली नाम पल्लपु सुरेश कुमार है, जो हैदराबाद के अट्टापुर इलाके का रहने वाला है। सोशल मीडिया और यूट्यूब इंटरव्यू के जरिए वह काफी चर्चित हो गया था। भारी-भरकम सोने के गहने पहनकर सार्वजनिक जगहों पर घूमना और लोगों के साथ फोटो खिंचवाना उसकी पहचान बन चुकी थी।

कैसे खुला पूरा राज?

मामले की शुरुआत तब हुई जब एक अन्य व्यक्ति को दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी मात्रा में सोने के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान ‘सूर्या भाई’ का नाम सामने आया, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने इस मामले में गहराई से पड़ताल शुरू की।

जब अधिकारियों ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया, तब वह करीब 1 करोड़ रुपये के गहनों से लदा हुआ पहुंचा। लेकिन जांच में उसके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद आभूषणों की जांच कराई गई।

नकली निकले करोड़ों के गहने

जांच में सामने आया कि जो गहने बाहर से सोने के लग रहे थे, वे असल में तांबे और चांदी पर सोने की पतली परत चढ़ाकर बनाए गए थे। इनकी असली कीमत महज करीब 3 लाख रुपये निकली, जबकि दिखावे के लिए इन्हें करोड़ों का बताया जाता था। बताया गया कि उसके पास ऐसे करीब 30 से ज्यादा सेट मौजूद थे, जिन्हें वह अलग-अलग मौकों पर पहनता था।

 किराए के घर में रहता है ‘सूर्या भाई’

जांच में यह भी पता चला कि वह किसी आलीशान बंगले में नहीं, बल्कि किराए के मकान में रहता है और हर महीने करीब 20 हजार रुपये किराया देता है। उसकी आमदनी चिकन शॉप चलाने, जिम ट्रेनिंग देने और सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पर निर्भर है। इसके अलावा वह कुछ प्रमोशन और छोटे-मोटे फिल्मी प्रोजेक्ट्स से भी पैसे कमाता है।

लग्जरी लाइफस्टाइल का सच

हालांकि उसकी लाइफस्टाइल देखकर लोग उसे बेहद अमीर समझते थे, लेकिन असल में उसकी संपत्ति और कमाई सीमित है। वह अपनी कमाई से महंगी गाड़ियां और बाइक जरूर रखता है, लेकिन ‘सोने का बादशाह’ वाली छवि पूरी तरह बनावटी निकली।

सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन

इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स हैरान हैं। कई लोग इसे “फेक लाइफस्टाइल का सबसे बड़ा उदाहरण” बता रहे हैं। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर चमक-दमक असली नहीं होती।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!