भारत में घुसपैठ करना पड़ा भारी, 8 बांग्लादेशी नागरिकों को कोर्ट ने सुनाई सजा

Edited By Updated: 09 Dec, 2025 07:58 PM

thane bangladeshi nationals illegal stay court verdict

ठाणे की कल्याण अदालत ने आठ बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में रहने के जुर्म में दोषी ठहराया। सभी को नौ महीने के सश्रम कारावास और 1,000 रुपये जुर्माना दिया गया। गिरफ्तार आरोपी अप्रैल 2025 में पकड़े गए थे। अदालत ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते...

नेशनल डेस्क : कल्याण की एक अदालत ने ठाणे जिले के विभिन्न हिस्सों से पकड़े गए आठ बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में दोषी ठहराया है। अदालत ने पांच दिसंबर को फैसला सुनाते हुए सभी दोषियों को नौ महीने के सश्रम कारावास और 1,000 रुपये जुर्माने की सजा दी है। कल्याण की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एस जी इनामदार ने आठों आरोपियों को आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम तथा विदेशी अधिनियम, 1946 के तहत दोषी पाया। आरोपी अप्रैल 2025 में गिरफ्तार किए गए थे।

अदालत ने चार मामलों में पारित फैसले में कहा कि चूंकि सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, इसलिए वे कानून के अनुसार दंड के पात्र हैं। इसके बावजूद, अदालत ने उनके मानवीय और व्यक्तिगत परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दंड तय किया। अदालत ने यह भी बताया कि आरोपी गरीबी, अज्ञानता और निरक्षरता के कारण यह प्रस्तुत नहीं कर सके कि उन्होंने बिना किसी दस्तावेज़ के भारत में प्रवेश कैसे किया। इनके खिलाफ ऐसे अपराधों के लिए अधिकतम पांच साल तक की सजा हो सकती थी, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए सजा कम रखी गई।

सजा पाने वाले आरोपी
ठाणे जिले के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों में चार महिलाएं शामिल हैं: मोइना गाजी उर्फ़ मोइना मस्जिद सरदार (37), अमीना जहांगीर गाजी (22), शहनाज मोहम्मद अली सरदार (44) और नरगिस मोहम्मद सरदार (32), जिन्हें डोंबिवली से गिरफ्तार किया गया था। माजिदा रसूल शेख (35) को कल्याण से गिरफ्तार किया गया।

इसके अतिरिक्त, पेंटर का काम करने वाले मोहम्मद शांतो यूनुस मुल्ला (30) और ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली उनकी पत्नी सुमी मोहम्मद शांतो मुल्ला (28) को भी कल्याण से गिरफ्तार किया गया। नूर मोनू पठान नामक मजदूर को उल्हासनगर से पकड़ा गया।

सजा पूरी होने के बाद होगी निर्वासन प्रक्रिया
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि सजा पूरी होने के बाद कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आरोपियों को निर्वासित किया जाएगा। अदालत ने निर्देश दिए कि जेल अधीक्षक और जांच अधिकारी समन्वय करके, सजा पूरी होने पर दोषियों को देश से बाहर भेजने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। वहीं फरार आरोपी तौकीर मोहम्मद गुलामुद्दीन आलम के खिलाफ मामला अब भी लंबित है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!