एम्स्टर्डम में गूंजा पंजाब केसरी का गौरवशाली इतिहास, महात्मा गांधी-नेल्सन मंडेला पीस एम्बेसडर अवार्ड देने की घोषणा

Edited By Updated: 05 Aug, 2026 11:54 PM

the glorious history of punjab kesari resonates in amsterdam

एम्स्टर्डम नीदरलैंड में आयोजित गांधी ग्लोबल फैमिली एवं विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के संयुक्त कार्यक्रमों में भारत के प्रतिष्ठित समाचार पत्र पंजाब केसरी में प्रकाशित समाचारों की विशेष चर्चा रही। कार्यक्रम के दौरान गांधी ग्लोबल फैमिली के महासचिव...

नेशनल डेस्कः एम्स्टर्डम नीदरलैंड में आयोजित गांधी ग्लोबल फैमिली एवं विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के संयुक्त कार्यक्रमों में भारत के प्रतिष्ठित समाचार पत्र पंजाब केसरी में प्रकाशित समाचारों की विशेष चर्चा रही। कार्यक्रम के दौरान गांधी ग्लोबल फैमिली के महासचिव राम मोहन राय ने महात्मा गांधी एवं नेल्सन मंडेला पर अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा तथा विशेष रूप से पंजाब केसरी समूह के ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम, लोकतंत्र की रक्षा और राष्ट्रीय चेतना के निर्माण में पंजाब केसरी, उर्दू के 'हिन्द समाचार' तथा गुरुमुखी के 'जगबाणी' ने ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि संयुक्त पंजाब के समय लाहौर से प्रकाशित यह समाचार पत्र युवाओं में स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति जागृति और देशभक्ति की भावना उत्पन्न करने का सशक्त माध्यम बना। भारत विभाजन के बाद भी लाला जगत नारायण ने जालंधर से इसके प्रकाशन को निरंतर जारी रखते हुए राष्ट्रहित की पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ाया।

राम मोहन राय ने कहा कि आपातकाल के दौरान जब देश में प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और अनेक समाचार पत्रों के मालिकों एवं संपादकों को जेल भेजा गया, तब भी पंजाब केसरी समूह के संस्थापक-संपादक लाला जगत नारायण तथा उनके पुत्र रमेश चन्द्र चोपड़ा लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए निर्भीकता से संघर्ष करते रहे और जेल जाना स्वीकार किया, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब में आतंकवाद के विरुद्ध सत्य और राष्ट्रहित की आवाज़ बुलंद करने के कारण लाला जगत नारायण और रमेश चन्द्र चोपड़ा का सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास के रक्तरंजित पृष्ठों पर स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उन्होंने स्मरण कराया कि महात्मा गांधी स्वयं 'हरिजन' और 'नवजीवन' जैसे पत्रों के संपादक रहे तथा लाला जगत नारायण ने उसी निर्भीक, राष्ट्रवादी और जनसेवी पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम के मुख्य मंच पर पंजाब केसरी में प्रकाशित समाचारों को भी प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने अत्यंत सराहा।

इस अवसर पर साइंटोलॉजी नीदरलैंड की प्रतिनिधि Gerbrig Denium, Mundo की निदेशक Patricia Haveman तथा युवा सामाजिक कार्यकर्ता Robert Kruijt ने भी पंजाब केसरी समूह तथा उसके वरिष्ठ प्रतिनिधि चन्द्रशेखर धरनी द्वारा भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे सकारात्मक पत्रकारिता के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में गांधी ग्लोबल फॅमिली इंडिया –नीदरलैंड की संयुक्त इकाई ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि स्वतंत्रता, लोकतंत्र, मानवाधिकार तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए पंजाब केसरी समूह के संयुक्त संपादक श्री अविनाश चोपड़ा  को "महात्मा गांधी–नेल्सन मंडेला पीस एम्बेसडर अवार्ड" से सम्मानित किया जाएगा।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!