Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Feb, 2026 06:53 PM

आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद को लेकर विवाद और गहराता जा रहा है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर पूर्ववर्ती जगन मोहन रेड्डी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उस दौर में लड्डू बनाने के लिए जिस घी का इस्तेमाल हुआ, वह...
नेशनल डेस्क : आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद को लेकर विवाद और गहराता जा रहा है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर पूर्ववर्ती जगन मोहन रेड्डी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उस दौर में लड्डू बनाने के लिए जिस घी का इस्तेमाल हुआ, वह बाथरूम साफ करने में उपयोग होने वाले रसायनों से तैयार किया गया था। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
कुरनूल जिले के येम्मिगनूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की सरकार ने पांच साल तक तिरुमला में चढ़ाए जाने वाले प्रसाद की शुद्धता से खिलवाड़ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कथित मिलावट ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की पवित्रता को ठेस पहुंचाई। नायडू इस कार्यक्रम में किसानों को ‘आपकी जमीन–आपका अधिकार’ योजना के तहत पट्टादार पासबुक वितरित करने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी भले ही यह दावा कर रहे हों कि सीबीआई और विशेष जांच दल से उन्हें क्लीन चिट मिल चुकी है, लेकिन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के पूर्व अध्यक्ष और उनके चाचा वाई.वी. सुब्बा रेड्डी ने खुद प्रसाद में मिलावट की बात स्वीकार की है। नायडू के मुताबिक, विवाद सामने आने के बाद हालात सुधारने की कोशिश की गई, लेकिन पहले और अब के लड्डुओं की गुणवत्ता में बड़ा फर्क साफ नजर आता है।
गौरतलब है कि तिरुपति लड्डू में कथित मिलावट का मामला लंबे समय से जांच के घेरे में है। फरवरी 2025 में इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें भोले बाबा डेयरी के पूर्व निदेशक विपिन जैन और पोमिल जैन, वैष्णवी डेयरी के अपूर्व चावड़ा और एआर डेयरी के राजू राजशेखरन शामिल थे। शुरुआती आरोपों में घी में पशु चर्बी के इस्तेमाल की बात सामने आई थी, जिसके बाद एसआईटी और सीबीआई दोनों जांच में शामिल हुईं।
दरअसल, यह विवाद तब और भड़का था जब सितंबर में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पहली बार आरोप लगाया था कि जगन सरकार के कार्यकाल में तिरुपति के लड्डू पशु चर्बी मिले घी से बनाए गए थे। इस बयान ने राज्य में बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया था, जो अब नए आरोपों के साथ और तेज होता दिख रहा है।