Edited By Mansa Devi,Updated: 25 Feb, 2026 11:20 AM

देशभर में करोड़ों कर्मचारी भविष्य निधि (PF) खाताधारक हर महीने अपनी सैलरी का एक हिस्सा भविष्य की जरूरतों के लिए जमा करते हैं। लेकिन नौकरी बदलने, ट्रांसफर या अन्य कारणों से कई लोग अपने पुराने पीएफ खातों पर ध्यान नहीं दे पाते।
नेशनल डेस्क: देशभर में करोड़ों कर्मचारी भविष्य निधि (PF) खाताधारक हर महीने अपनी सैलरी का एक हिस्सा भविष्य की जरूरतों के लिए जमा करते हैं। लेकिन नौकरी बदलने, ट्रांसफर या अन्य कारणों से कई लोग अपने पुराने पीएफ खातों पर ध्यान नहीं दे पाते। ऐसे में ये खाते लंबे समय तक निष्क्रिय (इनएक्टिव) पड़े रहते हैं और उनमें जमा छोटी-छोटी रकम फंसी रह जाती है।
अब ऐसे खाताधारकों के लिए राहत की खबर है। Employees' Provident Fund Organisation ने निष्क्रिय खातों में पड़ी रकम को लौटाने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। यह कदम श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के निर्देश पर उठाया गया है, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। चरणबद्ध तरीके से होगी कार्रवाई ईपीएफओ इस पूरी प्रक्रिया को अलग-अलग चरणों में लागू करेगा।
ऐसे लौटाई जाएगी निष्क्रिय खातों की रकम
सबसे पहले करीब 7.11 लाख ऐसे निष्क्रिय खातों की पहचान की जाएगी, जिनमें 1,000 रुपये से कम राशि जमा है। इन खातों का आधार से लिंक बैंक खातों के साथ मिलान किया जाएगा। सत्यापन के बाद राशि सीधे संबंधित खाताधारक के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके लिए किसी प्रकार का अलग आवेदन या कागजी प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी। पूरा काम डिजिटल सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद लगभग 25 लाख अन्य निष्क्रिय खातों को शामिल किया जाएगा। इन खातों में जमा राशि भी आधार से जुड़े बैंक खातों के जरिए संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी, ताकि भुगतान सही लाभार्थी को ही मिले।
कितनी रकम मिलेगी?
पहले चरण में जिन खातों में 1,000 रुपये से कम बैलेंस है, उन्हें पूरी जमा राशि वापस की जाएगी। दूसरे चरण में भी खातों में उपलब्ध पूरी रकम आधार सत्यापन के बाद ट्रांसफर की जाएगी। यदि खाताधारक जीवित है, तो पैसा उसके सत्यापित बैंक खाते में जाएगा। अगर खाताधारक की मृत्यु हो चुकी है, तो नामिनी या कानूनी उत्तराधिकारी की पहचान और जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद रकम उनके खाते में भेजी जाएगी। यानी वैध हकदार को पूरी राशि दी जाएगी।
किन लोगों को होगा फायदा?
यह फैसला खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिनकी छोटी रकम सालों से निष्क्रिय खातों में अटकी हुई थी और जिन्हें प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण पैसा नहीं मिल पा रहा था। अब ईपीएफओ की इस पहल से ऐसे लाखों खाताधारकों को बिना अतिरिक्त झंझट के उनकी जमा राशि वापस मिलने का रास्ता साफ हो गया है।