Edited By Parveen Kumar,Updated: 31 Aug, 2026 12:04 AM

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर जा रही कार से टकरा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई।
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर जा रही कार से टकरा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई।
अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) संतोष कुमार ने बताया कि हादसा रविवार देर रात उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी दिशा में जा रही कार से जा भिड़ा। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अधिकारी ने बताया कि कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे और मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन व कटर की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारी ने बताया कि ट्रक ने कुछ अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम किया जा रहा है। हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया हालांकि पुलिस यातायात व्यवस्था सामान्य करने में जुटी हुई है।