Edited By Parveen Kumar,Updated: 08 Jun, 2026 08:27 PM

झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित इमली चौक के पास सोमवार सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।...
नेशनल डेस्क : झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित इमली चौक के पास सोमवार सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पथरा निवासी अंकित सिंह और बगलाडी निवासी नितिन कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी दिशा से कसमार शामगढ़ तरहसी निवासी दीपक कुमार यादव और सुधांशु सिंह अपनी बाइक से आ रहे थे। जब दोनों बाइकें इमली चौक के पास पहुंचीं तो अचानक उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांकी पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया। एमएमसीएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने अंकित सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घायल नितिन कुमार और सुधांशु सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अस्पताल में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमाटर्म कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। गांव में शव पहुंचते ही परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से पथरा, कसमार शामगढ़ और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। लोगों का कहना है कि इमली चौक के आसपास अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।