Edited By Rohini Oberoi,Updated: 05 Aug, 2026 11:27 AM

यूट्यूब ने हाल ही में अपने यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम की नीतियों में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने AI से तैयार किए गए, कम मेहनत वाले और बार-बार दोहराए जाने वाले कंटेंट पर सख्ती बढ़ा दी है। इस बदलाव के बाद नए कंटेंट क्रिएटर्स के सामने सवाल उठ रहा है कि...
नई दिल्ली : यूट्यूब ने हाल ही में अपने यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम की नीतियों में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने AI से तैयार किए गए, कम मेहनत वाले और बार-बार दोहराए जाने वाले कंटेंट पर सख्ती बढ़ा दी है। इस बदलाव के बाद नए कंटेंट क्रिएटर्स के सामने सवाल उठ रहा है कि नए नियमों के तहत चैनल कैसे शुरू करें और कमाई (Monetization) के लिए किन शर्तों को पूरा करना जरूरी है।
यूट्यूब पर सफल होने के लिए सही कैटेगरी या विषय चुनना सबसे महत्वपूर्ण है। चैनल शुरू करने से पहले तय करें कि आपका कंटेंट किस क्षेत्र से जुड़ा होगा—जैसे एजुकेशन, कुकिंग, टेक्नोलॉजी, गेमिंग, व्लॉगिंग या ट्रैवल। फिर एक स्पष्ट कैटेगरी चुनने से सही ऑडियंस तक पहुंचने में आसानी होती है और दर्शक चैनल से लंबे समय तक जुड़े रहते हैं।
अब आप सोच रहें होंगे की यूट्यूब चैनल को कैसे बनाया जाये? तो आइये आपको सिखाते हैं कि कैसे इसे शुरू किया जाए। सबसे पहले चैनल बनाने के लिए केवल एक गूगल अकाउंट की आवश्यकता होती है। लॉग इन करने के बाद चैनल का एक आकर्षक नाम, प्रोफाइल फोटो और बैनर लगाएं। शुरुआत में महंगे कैमरे या हाई-एंड एडिटिंग टूल से ज्यादा जरूरी है कि आप नियमित रूप से और तय शेड्यूल पर वीडियो अपलोड करें।

वहीं यूट्यूब से कमाई शुरू करने के लिए यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम (YPP) की शर्तों को पूरा करना होता है। इसके लिए क्रिएटर्स के पास दो विकल्प हैं:
यह भी पढ़ें: PNB Special FD Scheme: बैंक की 444 दिन वाली FD में मिलेगा बंपर ब्याज, ₹5 लाख निवेश पर इतना होगा रिटर्न
विकल्प 1. लॉन्ग वीडियो क्रिएटर्स के लिए कम से कम 1,000 सब्सक्राइबर्स होने चाहिए। पिछले 12 महीनों (1 साल) में 4,000 घंटे का वैलिड पब्लिक वॉच टाइम पूरा होना चाहिए।
विकल्प 2. Shorts क्रिएटर्स के लिए कम से कम 1,000 सब्सक्राइबर्स होने चाहिए। पिछले 90 दिनों में 1 करोड़ (10 मिलियन) व्यूज पूरे होने चाहिए।

साथ ही आपको बता दें कि केवल वॉच टाइम और सब्सक्राइबर्स पूरे कर लेना ही कमाई की गारंटी नहीं है। यूट्यूब के नए नियमों के तहत AI-जनरेटेड, बिना ओरिजिनलिटी वाले और रिपीटेड वीडियो पर मॉनेटाइजेशन रिजेक्ट किया जा सकता है। चैनल को यूट्यूब की कम्युनिटी गाइडलाइंस और कॉपीराइट नीतियों का पूरी तरह पालन करना होगा।

यूट्यूब पर लंबे समय तक टिके रहने के लिए कुछ सावधानियां बरतनी भी बेहद जरूरी हैं। दूसरे क्रिएटर्स के वीडियो चुराकर या भ्रामक थंबनेल/टाइटल का इस्तेमाल न करें। दर्शकों के कमेंट्स का जवाब दें और नियमित रूप से वीडियो डालें। यूट्यूब पर सफलता के लिए धैर्य (Patience) और कंटेंट की क्वालिटी सबसे अहम है।