Edited By Radhika,Updated: 28 Jul, 2026 01:22 PM

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने संसद परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ सांसदों द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत किए जाने को लेकर मंगलवार को सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधा और कहा कि प्रधान का किसी 'सुपरस्टार' की...
नेशनल डेस्क: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने संसद परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ सांसदों द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत किए जाने को लेकर मंगलवार को सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधा और कहा कि प्रधान का किसी ''सुपरस्टार'' की तरह स्वागत किया जाना शर्मनाक है। प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में यह आरोप भी लगाया कि सरकार छात्रों का दमन करना चाहती है।
ये भी पढ़ें- भारी बारिश के खतरे के बीच केदारनाथ में उमड़े श्रद्धालु, प्रशासन हाई अलर्ट पर
उन्होंने कहा, ''सभी ने देखा कि किन परिस्थितियों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया, लेकिन अगले ही दिन संसद परिसर में उनका ऐसा स्वागत किया गया, मानो वह कोई सुपरस्टार हों।'' लोकसभा सदस्य ने कहा, "क्या यह शर्मनाक नहीं है?" कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार पर भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि आज भी छात्रों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले का समाधान बातचीत के माध्यम से करना चाहिए, लेकिन वह अब भी छात्रों के पीछे पड़ी हुई है और उनका दमन करना चाहती है।
ये भी पढ़ें- Char Dham Yatra पर जाने वालों के लिए बड़ी खबर, भारी बारिश और भूस्खलन के बाद प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला
प्रियंका गांधी का कहना था कि सरकार को छात्रों के प्रति अपना रवैया बदलना चाहिए। उल्लेखनीय है कि प्रधान शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफे के बाद सोमवार को जब पहली बार संसद पहुंचे तो भाजपा के कुछ सांसदों ने उनका स्वागत किया। बिहार के दरभंगा से लोकसभा सदस्य गोपालजी ठाकुर ने उन्हें 'पाग' (मिथिला की पारंपरिक टोपी) पहनाई।