Edited By Tanuja,Updated: 25 Jul, 2026 04:45 PM

जापान में रहने वाली एक भारतीय महिला के वायरल वीडियो में बताया गया कि वहां के ग्रामीण लोग बिना जिम और महंगे सप्लीमेंट्स के भी स्वस्थ रहते हैं। समय पर सोना, सुबह जल्दी उठना, शारीरिक श्रम, संतुलित भोजन, अच्छी नींद और तनावमुक्त जीवनशैली उनकी फिटनेस और...
International Desk: आज के समय में फिट रहने के लिए लोग महंगे जिम, प्रोटीन सप्लीमेंट्स, डाइट प्लान और पर्सनल ट्रेनर पर हजारों-लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं। लेकिन जापान में रहने वाली एक भारतीय महिला का वायरल वीडियो इस सोच को चुनौती देता है। वीडियो में उन्होंने बताया कि जापान के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग बिना जिम और महंगे फिटनेस प्लान के भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीते हैं।
शाम होते ही दिनचर्या खत्म
महिला के मुताबिक, वीडियो शाम करीब 7 बजे का है, लेकिन पूरे गांव में सन्नाटा था। अधिकांश लोग अपने घरों में जा चुके थे। जापान के गांवों में लोग देर रात तक जागने की बजाय समय पर भोजन कर जल्दी सो जाते हैं। सुबह सूरज निकलते ही उनका दिन शुरू हो जाता है। यही नियमित दिनचर्या उनकी अच्छी सेहत की बड़ी वजह मानी जाती है।
रोजमर्रा का काम बन जाता एक्सरसाइज
महिला बताती हैं कि गांवों में रहने वाले लोग खेती, बागवानी, मछली पालन और अन्य शारीरिक काम करते हैं। पूरे दिन सक्रिय रहने के कारण उन्हें अलग से जिम जाने की जरूरत महसूस नहीं होती। उनकी दैनिक गतिविधियां ही शरीर को फिट रखने का काम करती हैं। जापान के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पर्याप्त और अच्छी नींद लेते हैं। इससे तनाव कम होता है, शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर रहता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। यही वजह है कि वहां कई बुजुर्ग 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र में भी सक्रिय जीवन जीते हैं और अपने अधिकांश काम स्वयं करते हैं।
सादा लेकिन पौष्टिक भोजन
महिला के अनुसार, गांवों में लोग ताजा और घर का बना भोजन पसंद करते हैं। उनके भोजन में मौसमी सब्जियां, मछली, चावल, सूप और पारंपरिक जापानी व्यंजन शामिल होते हैं। वे संतुलित मात्रा में भोजन करते हैं और जंक फूड या अधिक तला-भुना खाना खाने से बचते हैं। जहां आज कई लोग देर रात तक मोबाइल, लैपटॉप और टीवी स्क्रीन पर समय बिताते हैं, वहीं जापान के गांवों में लोग शाम के बाद परिवार के साथ समय बिताना पसंद करते हैं। शांत वातावरण और तनावमुक्त जीवन उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर सोना, सुबह जल्दी उठना, नियमित शारीरिक गतिविधि करना, संतुलित भोजन लेना और तनाव को कम रखना अच्छी सेहत की मजबूत नींव है। जापान के ग्रामीण इलाकों में लोग इन आदतों को वर्षों से अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए हुए हैं।