Edited By Parveen Kumar,Updated: 30 Aug, 2026 10:06 PM

मुंबई के बांद्रा इलाके में रविवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आठ साल के एक बच्चे की मौत हो गई। आरोप है कि कार 45 वर्षीय महिला चला रही थी और हादसे के समय फोन पर बात करने में व्यस्त थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला चालक को...
नेशनल डेस्क : मुंबई के बांद्रा इलाके में रविवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आठ साल के एक बच्चे की मौत हो गई। आरोप है कि कार 45 वर्षीय महिला चला रही थी और हादसे के समय फोन पर बात करने में व्यस्त थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह हादसा दोपहर में जॉन बैपटिस्ट रोड पर जीजामाता गार्डन के सामने उस समय हुआ जब अंश रवींद्र गुप्ता सड़क पार कर रहा था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बांद्रा की रहने वाली मेघा रावल नाम की महिला फोन पर बात करते हुए तेज रफ्तार में और लापरवाही से इनोवा क्रिस्टा चला रही थी और उसने बच्चे को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि लड़का बुरी तरह घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए तुरंत होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रावल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 281 (सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से गाड़ी चलाना या सवारी करना) और 125 (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला काम) के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 (खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।