Edited By Kamini,Updated: 09 Feb, 2026 02:43 PM

जालंधर में AAP नेता लक्की ओबराय की हत्या को लेकर जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
जालंधर : जालंधर में AAP नेता लक्की ओबराय की हत्या को लेकर जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हत्या पुरानी रंजिश और पारिवारिक अपमान से जुड़ी बताई जा रही है, जिसकी जड़ें विदेश तक फैली हुई हैं। जानकारी के अनुसार, लक्की ओबराय और जोगा नामक व्यक्ति के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन कुछ साल पहले पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के रिश्ते बिगड़ गए। विवाद बढ़ने के बाद जोगा विदेश चला गया, जबकि लक्की ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। पुलिस का कहना है कि इसी पुराने विवाद के चलते मामला हिंसक मोड़ पर पहुंचा।
सूत्र बताते हैं कि झगड़े के दौरान लक्की द्वारा जोगा के परिवार, खासकर उसकी मां से जुड़ा एक विवाद सामने आया। लक्की ने जोगा फोल्ड़ीवाल के घर पर जाकर उसकी मां की बेइज्जती की थी। माना जा रहा है कि इसी बात की रंजिश में जोगा ने लक्की को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इस केस में पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया आरोपी शमिंदर सिंह उर्फ शिंगरी, लक्की के यहां काम करता था। जांच में सामने आया है कि वह नशे का आदी था और स्थानीय स्तर पर कबड्डी खेलों में भी हिस्सा लेता था। हत्या के बाद उसने शूटर को स्कूटी पर बैठाकर मौके से फरार कराया था।
पुलिस के मुताबिक, शमिंदर पहले अमृतसर के ग्रामीण इलाके में अपनी परिचित महिला के घर छिपा हुआ था। उस पर पहले से भी एक मामला दर्ज बताया जा रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि उसे सीधे तौर पर बड़ी रकम नहीं दी गई थी, बल्कि खर्च के लिए पैसे दिए गए थे। उसे ऑफर दिया गया था कि उसे अमेरिका में सेटल करवा दिया जाएगा। जांच एजेंसियों को यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपियों को विदेश में बसाने का लालच दिया गया था। पुलिस को शक है कि हत्या की साजिश में इस्तेमाल हुआ पैसा जोगा के किसी करीबी द्वारा भारत में रहकर मुहैया करवाया गया। पूरे नेटवर्क और फंडिंग की कड़ी को जोड़ने के लिए जांच अभी जारी है।
आपको बता दें कि, शुक्रवार सुबह मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे से माथा टेकने के बाद जैसे ही लकी ओबेरॉय बाहर निकले, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में उन्हें कुल पांच गोलियां लगीं, जिनकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। डॉक्टरों ने शरीर से पांच गोलियां निकाली हैं, जबकि कुछ गोलियां अंदर ही फंसी होने की बात भी सामने आई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here