Edited By Kamini,Updated: 13 Feb, 2026 01:35 PM

पंजाब के मौसम को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। पंजाब में सर्दी अब ढलान पर है और दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
पंजाब डेस्क : पंजाब के मौसम को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। पंजाब में सर्दी अब ढलान पर है और दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन मौसम धीरे-धीरे गर्माहट की ओर बढ़ रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी किया है।
India Meteorological Department (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार 13 से 16 फरवरी तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इन दिनों बारिश या घने कोहरे की संभावना नहीं जताई गई है। ठंडी हवाओं या शीतलहर को लेकर भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि 17 फरवरी को मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। विभाग का अनुमान है कि इस दिन राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा जिलों में वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं बिजली चमकने की संभावना है।

तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। फरीदकोट में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया, जो इस समय के औसत से ज्यादा है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here