Edited By ,Updated: 01 Sep, 2026 02:40 AM

देश में पिछले कुछ समय से आपसी रंजिश और प्रतिद्वंद्विता के चलते राजनीतिक व अन्य कारणों से लोगों द्वारा अपने विरोधिïयों की हत्याओं में लगातार वृद्धि हो रही है जिसकी गंभीरता मात्र इसी महीने सामने आई निम्न घटनाओं से स्पष्टï है :
देश में पिछले कुछ समय से आपसी रंजिश और प्रतिद्वंद्विता के चलते राजनीतिक व अन्य कारणों से लोगों द्वारा अपने विरोधिïयों की हत्याओं में लगातार वृद्धि हो रही है जिसकी गंभीरता मात्र इसी महीने सामने आई निम्न घटनाओं से स्पष्ट है :
* 1 अगस्त को सी.बी.आई. ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ‘शुभेंदु अधिकारी’ के निकट सहयोगी ‘चंद्रनाथ रथ’ की हत्या का षड्यंत्र रचने के मामले में 2 मुख्य संदिग्धों ‘सागर सोनकर’ तथा ‘साहब सोनकर’ को गिरफ्तार किया।
ये दोनों ही भाजपा के कार्यकत्र्ता हैं और ‘चंद्रनाथ रथ’ के साथ ही काम करते थे। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष 6 मई को उत्तरी चौबीस परगना जिले के मध्यम ग्राम के निकट ‘चंद्रनाथ रथ’ की उस समय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी, जब वह कार में कहीं जा रहे थे।
* 7 अगस्त को ‘उडुपी’ (कर्नाटक) जिले की ‘मुदरंगडी’ ग्राम पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ‘डेविड डिसूजा’ की बेरहमी से हत्या कर देने के आरोप में कर्नाटक पुलिस ने बिहार के एक प्रमुख गैंगस्टर ‘अनुज पाटिल’ सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
* 13 अगस्त को दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में भाग लेने के बाद ‘काकरोच जनता पार्टी’ के वर्कर ‘शेख अब्दुल हफीज’ के वापस अपने घर ‘बांकुड़ा’ (पश्चिम बंगाल) में लौटने के बाद अपने गांव के स्कूल की बदहाली का मामला सोशल मीडिया पर उठाने के बाद उनके परिवार पर हमले में उनके पिता ‘मोहम्मद माफिक’ की मौत हो गई।
* 16 अगस्त को ‘नादिया’ (पश्चिम बंगाल) जिले में प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य और ‘नादिया जिला कांग्रेस’ के महासचिव ‘अनीसुर रहमान’ और उनके बेटे ‘अबू सुफियान’ की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हमलावरों ने पहले उनकी कार को रोक कर उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की और फिर धारदार हथियारों से हमला करके दोनों की जीवन लीला समाप्त कर दी। पुलिस ने इस सिलसिले में हरनगर से पंचायत हैड ‘फातिमा बीबी’ और ‘साहेब अली मंडल’ और ‘मिथुन शेख’ को गिरफ्तार किया है।
* 21 अगस्त को ‘सिरसा’ (हरियाणा) में ‘झोरड़ रोही’ गांव के पूर्व सरपंच व कांग्रेस नेता पोहला सिंह के पोते ‘कुलवीर सिंह’ उर्फ ‘निक्का सिंह’ की हत्या कर दी गई। उसके भाई और भतीजे पर भी हमला किया गया। मृतक ‘निक्का सिंह’ स्वयं शराब के ठेकेदार ‘गंगा सिंह’ की हत्या के मामले में सजायाफ्ता था और 18 माह पहले जमानत पर बाहर आया था।
* 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन ‘बरेली’ (उत्तर प्रदेश) में ‘भाजपा ओ.बी.सी. मोर्चा’ के मंडल उपाध्यक्ष ‘सचिन कश्यप’ की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई। हमलावर के एक ही वार से ‘सचिन कश्यप’ का फेफड़ा फट गया और नसें कट गईं। सचिन की पत्नी ने इस सिलसिले में पड़ोसी ‘रोहित’ उर्फ ‘बाबू’ तथा उसकी मां, ‘अमित’ उर्फ ‘भज्जी’ तथा ‘आशीष मौर्य’ के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
* 30 अगस्त को ‘फिरोजपुर’ (पंजाब) जिले के कस्बा ‘ममदोट’ में अपनी कार में जा रहे नगर पंचायत के प्रधान ‘राकेश कुमार’ उर्फ ‘विक्की मैनी’ की कार पर तथा उसके साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे उसके 2 समर्थकों ‘गुरप्रीत सिंह’ उर्फ ‘गोपी’ तथा ‘हरप्रीत सिंह’ पर हमलावरों द्वारा अंधाधुंध गोलियां चलाए जाने से ‘गुरप्रीत सिंह’ की मौत हो गई।
* 30 अगस्त को ही ‘लखनऊ’ (उत्तर प्रदेश) के ‘दुबग्गा’ इलाके में एक ‘हिंदूवादी’ संगठन के नेता ‘धीरेंद्र प्रताप सिंह’ की उनकी कार के अंदर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को नहर में फैंक दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि जमीनी विवाद में उनके ही ड्राइवर ने इस घटना को अंजाम दिया था।
* और अब 30 अगस्त को ही ‘हैदराबाद’ (तेलंगाना) में ‘असदुद्दीन ओवैसी’ की पाटी ‘आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन’ (ए.आई.एम.आई. एम.) के नेता ‘महबूब अली’ पर लगभग 6 हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करके उन्हें मौत के घाट उतार दिया। शुरुआती जांच में हत्या की वजह रियल एस्टेट का विवाद बताया गया है। उक्त घटनाओं से स्पष्टï है कि समय बीतने के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिज्ञ एवं अन्य लोग परिपक्व होने की बजाय असहनशील होते जा रहे हैं, जिसे रोकने के लिए कठोर दंडात्मक उपायों की जरूरत है!—विजय कुमार