‘हवाई अड्डों पर’ आवारा कुत्तों की समस्या और स्वच्छता की कमी!

Edited By Updated: 19 Feb, 2026 04:04 AM

the problem of stray dogs and the lack of cleanliness on  airports

देश भर में आवारा कुत्तों का उत्पात जारी है। यहां तक कि हवाई अड्डे भी इनके उत्पात से बचे हुए नहीं हैं। ये यात्रियों व उन्हें छोडऩे आए लोगों को काटने के अलावा हवाई पट्टियों तक पर घूमते पाए जाते हैं और कुर्सियों पर बैठ कर लोगों के लिए खतरा पैदा कर रहे...

देश भर में आवारा कुत्तों का उत्पात जारी है। यहां तक कि हवाई अड्डे भी इनके उत्पात से बचे हुए नहीं हैं। ये यात्रियों व उन्हें छोडऩे आए लोगों को काटने के अलावा हवाई पट्टियों तक पर घूमते पाए जाते हैं और कुर्सियों पर बैठ कर लोगों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं, जिनके चंद उदाहरण निम्न में दर्ज हैं : 
* 6 नवम्बर, 2024 को ‘तिरुवनंतपुरम’ (केरल) हवाई अड्डे  के अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल के बाहर ‘शारजाह’ जाने वाले एक यात्री को आवारा कुत्ते द्वारा काट कर गंभीर रूप से घायल कर देने के कारण उसे अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा जिससे उसकी ‘फ्लाइट’ छूट गई।
* 12 अगस्त, 2025 को ‘कोलकाता’ के ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर एक कुत्ते द्वारा 4 वर्ष के बच्चे को काट देने के कारण बच्चे को गंभीर मानसिक आघात पहुंचा। उसे एंटी रैबीज का टीका लगवाना पड़ा तथा परिवार को अपनी मलेशिया यात्रा रद्द करनी पड़ी।

* 2 अक्तूबर, 2025 को ‘दिल्ली’ के ‘इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ के टर्मिनल-3 के अंदर और बाहर भारी संख्या में आवारा कुत्ते घूमते दिखाई दिए। 
* 7 नवम्बर, 2025 को ‘जयपुर’ के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात एक महिला कर्मचारी पर आवारा कुत्तों ने हमला करके उसे घायल कर दिया।
* 8 फरवरी, 2026 को ‘जयपुर’ के ही अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आवारा कुत्तों ने 3 लोगों को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कुत्ते ने सबसे पहले ‘अराइवल एरिया’ के पास अचानक एक यात्री को काटा और इसके बाद पार्किंग एरिया के पास बाहर निकल रहे लोगों को काटा जिनमें अपने एक सम्बन्धी को लेने आया व्यक्ति भी शामिल था।

* 8 फरवरी, 2026 को ही ‘चेन्नई’ (तमिलनाडु) के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते अराइवल गेट पर डेरा जमा कर बैठे देखे गए जिससे आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी हुई।
* 9 फरवरी, 2026 को ‘पुणे’ (महाराष्ट्र) हवाई अड्डे की एक हवाई पट्टी पर आवारा कुत्ता घूमता पकड़ा गया। कुछ दिन पूर्व ‘बेंगलुरू’ (कर्नाटक) हवाई अड्डे की हवाई पट्टी के निकट भी एक आवारा कुत्ता घूमता पाया गया था।
* 15 फरवरी, 2026 को ‘जयपुर’ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर दिल्ली से आई एक इसराईली महिला यात्री के पैर में एक आवारा कुत्ते ने उस समय काट लिया जब वह एयरपोर्ट से बाहर निकल रही थी। 
* 18 फरवरी, 2026 को ‘बेंगलूरू’ हवाई अड्डे पर एक कुर्सी पर सो रहे आवारा कुत्ते का वीडियो वायरल होने के बाद हवाई अड्डे पर यात्रियों को कुत्तों से खतरे को लेकर बहस छिड़ गई है। 

इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में आई.जी.आई. दिल्ली के टी-3 टर्मिनल पर आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया है कि :‘‘एयरपोर्ट पर अंदर और बाहर हर जगह कुत्ते ही कुत्ते हैं। बच्चों और यात्रियों पर भौंकते, खाने के पैकेट सूंघते और फास्टफूड काऊंटरों के आसपास घूमते हुए लगभग 12-14 कुत्ते दिखाई दे रहे थे। ऐसा दृश्य देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे पर चिंताजनक है। अत: यात्रियों की सुरक्षा पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।’’ भारत के विभिन्न हवाई अड्डों पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में विदेशी पर्यटक यात्रा करते हैं। ऐसे में हवाई अड्डा पर कुत्तों के उत्पात से देश की छवि भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खराब होती है।

एयरपोर्ट परिसरों में लम्बे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है लेकिन इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। हवाई अड्डा परिसरों से आवारा कुत्तों को हटाने, परिसरों की नियमित मॉनिटरिंग करने और इस समस्या का पक्का हल निकालने की जरूरत है ताकि हवाई अड्डों के कर्मचारियों के साथ-साथ विमान यात्रियों और अन्य लोगों की सुरक्षा खतरे में न पड़े।—विजय कुमार 

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!