कम उम्र की शादियों का नुक्सान

Edited By Updated: 05 Feb, 2023 05:43 AM

disadvantages of early marriages

भारत में कन्याओं की शादी 18 साल से कम उम्र में करना जुर्म है। गैर-कानूनी है लेकिन इस कानून की कौन परवाह करता है? हिंदू, मुसलमान, ईसाई, आदिवासी, अगड़े-पिछड़े सभी इस जुर्म में शामिल होते हैं।

भारत में कन्याओं की शादी 18 साल से कम उम्र में करना जुर्म है। गैर-कानूनी है लेकिन इस कानून की कौन परवाह करता है? हिंदू, मुसलमान, ईसाई, आदिवासी, अगड़े-पिछड़े सभी इस जुर्म में शामिल होते हैं। हमारे देश में तो कई दुधमुंहे बच्चों की भी शादी करवा दी जाती थी। भारत में हर साल लगभग 15 लाख अवयस्क लड़कियों की शादी करवा दी जाती है। 

यह आंकड़ा तो अंतर्राष्ट्रीय संस्था ‘यूनिसेफ’ का है लेकिन यह विदेशी संस्था सभी ऐसी अवैध शादियों का ठीक से पता लगा पाती होगी, इसमें मुझे संदेह है। 2006 के बाल विवाह विरोधी कानून के मुताबिक अकेले असम प्रांत में इस बार 1800 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन शादियों को अवैध भी घोषित कर दिया गया है। अकेले असम में पिछले 10 दिन में ऐसी कम उम्र की 4000 शादियों के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। 

जरा सोचिए कि यदि पुलिस थोड़ी और सक्रिय हो जाए तो क्या लाखों लोग पकड़े नहीं जाएंगे? इस तरह के मामलों में वर-वधू को तो पकड़ा जाएगा ही, उनके अभिभावकों और शादी करवाने वाले पुरोहितों, मौलवियों और पादरियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। कम उम्र की ये शादियां कई दृष्टियों से बड़ी खतरनाक सिद्ध होती हैं। 

सबसे पहली बात तो यह कि ब्रह्मचर्य की भारतीय परंपरा का उल्लंघन होता है। उसके कारण किशोरावस्था में ही देश के नौजवानों का शक्तिनाश होता है। उनकी दीर्घायु घटती है। बीमारियां बढ़ती हैं। दूसरी बात यह कि कम उम्र की किशोरियां जब मां बनती हैं तो प्राय: वे गर्भपात की शिकार हो जाती हैं और वे अपने शरीर में तरह-तरह के रोग पाल लेती हैं। तीसरी बात यह कि कम उम्र में बच्चे हो जाने से उनकी संख्या बढ़ती है और उनका समुचित लालन-पालन और शिक्षण नहीं हो पाता है। 

इसके कारण देश में अशिक्षा और गरीबी बढ़ती है। चौथी बात यह कि देश में जनसंख्या का विस्फोट होने लगता है। भारत अब जनसंख्या के हिसाब से चीन को भी मात करने वाला है। किसी एक संप्रदाय या जाति की जनसंख्या बढऩे पर प्रतिस्पर्धा का भाव सारे समाज में फैल जाता है। यदि शादी की उम्र बढ़ा दी जाए तो हमारे युवक और युवतियां भारत को दुनिया का सबसे शक्तिशाली और संपन्न राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं। 

क्या ही अच्छा हो कि भारत में वर की न्यूनतम आयु 25 और वधू की 22 वर्ष कर दी जाए? इस प्रस्ताव का विरोध कई वर्गों के लोग कर सकते हैं। ऐसे में मेरा निवेदन यह है कि ऐसा कानूनी प्रावधान चाहे न किया जाए लेकिन देश के पुरोहित, मौलवी, पादरी वगैरह इस बात को लोगों के दिलों में प्रेम से बिठा सकें तो भारत का बड़ा कल्याण हो सकता है।-डा. वेदप्रताप वैदिक

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!