आशीष कुमार दास इन्फोसिस के सीईओ नामित, अगले साल एक अप्रैल से संभालेंगे पदभार

Edited By Updated: 23 Jul, 2026 06:22 PM

ashish kumar das named info ceo assume office from april 1 next year

सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस ने आशीष कुमार दास को अपना मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ-नामित) नियुक्त करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। वह एक अप्रैल, 2027 को पदभार संभालेंगे। दास, इन्फोसिस के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ)...

नई दिल्लीः सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस ने आशीष कुमार दास को अपना मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ-नामित) नियुक्त करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। वह एक अप्रैल, 2027 को पदभार संभालेंगे। दास, इन्फोसिस के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सलील पारेख का स्थान लेंगे। पारेख का दूसरा कार्यकाल 31 मार्च, 2027 को समाप्त होगा। उन्होंने कंपनी का नेतृत्व नौ वर्ष से अधिक समय तक किया है। 

भारत की दूसरी सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि इन्फोसिस के निदेशक मंडल की नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर दास की नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई है। हालांकि, यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी। दास वर्तमान में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों वाले विविध कारोबार खंड के वैश्विक प्रमुख हैं।

बयान के अनुसार, ''इन्फोसिस में तीन दशक से अधिक समय बिताने वाले दास ने वैश्विक परिचालन से जुड़े कई वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर काम किया है...'' कंपनी ने कहा, ''उन्होंने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया, ग्राहकों को जटिल कारोबारी एवं प्रौद्योगिकी बदलाव के दौर में मार्गदर्शन दिया तथा वैश्विक स्तर पर उच्च प्रदर्शन करने वाले दलों का निर्माण किया है।'' 

कंपनी ने कहा, निदेशक मंडल का मानना है कि रणनीतिक एवं व्यावसायिक समझ के साथ प्रौद्योगिकी में उनका अनुभव उन्हें कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित बदलाव के अगले चरण में इन्फोसिस का नेतृत्व करने और कंपनी की दीर्घकालिक ताकतों को आगे बढ़ाने के लिए उपयुक्त बनाता है। इन्फोसिस के चेयरमैन नंदन नीलेकणि ने कहा कि उद्योग एक बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश कर रहा है। नीलेकणि ने कहा, ''निदेशक मंडल का मानना था कि हमारे अगले सीईओ में साहसिक बदलाव का नेतृत्व करने की क्षमता के साथ-साथ उन मूल्यों एवं ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखने का विवेक भी होना चाहिए, जिन्होंने हमेशा इन्फोसिस को अलग पहचान दी है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारा अगला सीईओ कंपनी के भीतर से चुना गया है।'' 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!