CNH इंडिया की पहली छमाही में ट्रैक्टर बिक्री 42 प्रतिशत बढ़ी, उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी कंपनी

Edited By Updated: 10 Aug, 2026 01:08 PM

cnh india s tractor sales rose 42 in the first half company increase productio

कृषि उपकरण विनिर्माता कंपनी सीएनएच की भारतीय इकाई ने वर्ष 2026 की पहली छमाही में घरेलू बाजार में 30,248 ट्रैक्टर बेचे। यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी की भारत में बाजार हिस्सेदारी भी अब तक के उच्चतम स्तर...

नई दिल्लीः कृषि उपकरण विनिर्माता कंपनी सीएनएच की भारतीय इकाई ने वर्ष 2026 की पहली छमाही में घरेलू बाजार में 30,248 ट्रैक्टर बेचे। यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी की भारत में बाजार हिस्सेदारी भी अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। सीएनएच इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नरेंद्र मित्तल ने कहा कि 2026 की जनवरी-जून अवधि के दौरान कंपनी का ट्रैक्टर निर्यात करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 6,666 वाहन हो गया। उन्होंने कहा कि वर्ष की शुरुआत में अमेरिकी शुल्क से कुछ समय के लिए बाधा आई थी लेकिन बाद में स्थिति सामान्य होने पर निर्यात में फिर तेजी आई। कंपनी भारत में 'न्यू हॉलैंड' और 'केस आईएच' ब्रांड के तहत कारोबार करती है। 

मित्तल ने कहा कि पहली छमाही में घरेलू ट्रैक्टर उद्योग में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि सीएनएच इंडिया की बिक्री 42 प्रतिशत बढ़ी और कंपनी ने 30,000 से अधिक ट्रैक्टर बेचे। उन्होंने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती और अनुकूल मानसून से पहली तिमाही में बिक्री को मजबूती मिली। हालांकि, बाजार का रुख कुछ नरम पड़ने से दूसरी छमाही में उद्योग की बिक्री पर दबाव रह सकता है। इसके बावजूद पूरे वर्ष मांग अच्छी रहने की उम्मीद है। मित्तल ने पिछले वर्ष कंपनी के बेहतर प्रदर्शन का श्रेय प्रौद्योगिकी आधारित उत्पादों, डीलर नेटवर्क के विस्तार और उसकी वित्तीय सेवा इकाई सीएनएच कैपिटल के सहयोग को दिया। मित्तल ने कहा कि कंपनी ग्रेटर नोएडा स्थित अपने मौजूदा संयंत्र के निकट चौथा विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। 

उन्होंने कहा, "यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने हमें 100 एकड़ भूमि आवंटित की है। नया संयंत्र मौजूदा संयंत्र के काफी निकट होगा और घरेलू तथा निर्यात, दोनों बाजारों की जरूरतें पूरी करेगा।" उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 की शुरुआत में चालू होने की उम्मीद वाले इस संयंत्र से भारत में कंपनी की वार्षिक ट्रैक्टर उत्पादन क्षमता मौजूदा लगभग 70,000 वाहन से बढ़कर करीब 1.20 लाख वाहन हो जाएगी। मौजूदा संयंत्र ने वर्ष 2025 में 59,000 ट्रैक्टर बनाए थे। कंपनी वर्ष 2028 की दूसरी छमाही में 25-30 हॉर्सपावर श्रेणी का नया 'कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर' भी पेश करेगी, जिसे घरेलू बाजार के साथ अमेरिका और यूरोप सहित निर्यात बाजारों में भी उतारा जाएगा। 

मित्तल ने कहा कि अमेरिकी शुल्क के कारण कुछ समय के लिए निर्यात प्रभावित हुआ था लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है और निर्यात फिर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी के कुल निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत है। हालांकि, कंपनी अपने मौजूदा निर्यात बाजारों में बदलाव की कोई योजना नहीं बना रही है। मित्तल ने कहा कि सीएनएच इंडिया की बाजार हिस्सेदारी फिलहाल करीब 4.5 प्रतिशत है, जो उद्योग की अग्रणी कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा से काफी कम है। 

उन्होंने कहा कि कंपनी पहले मुख्य रूप से 45-50 हॉर्सपावर और उससे अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टरों पर ध्यान देती थी, लेकिन अब उसने कम हॉर्सपावर वाले ट्रैक्टर भी अपने उत्पाद पोर्टफोलियो में शामिल किए हैं। उन्होंने कहा, "हमने स्मार्ट सीरीज और कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर पेश किए हैं। अब भारतीय बाजार में हमारे पास सभी श्रेणियों के ट्रैक्टर उपलब्ध हैं और डीलर नेटवर्क के विस्तार से बाजार हिस्सेदारी और बढ़ेगी।" मित्तल ने अगले पांच से छह वर्षों में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी दोहरे अंक में पहुंचने का भरोसा भी जताया।  

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!