EY report on indian economy: भारत की अर्थव्यवस्था रहेगी मजबूत, EY ने जताया भरोसा

Edited By Updated: 27 Jun, 2026 11:47 AM

india s economy to remain strong ey expresses confidence

वैश्विक ऊर्जा बाजारों में धीरे-धीरे सामान्य स्थिति बहाल होने और घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद के साथ चालू वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.6 से 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वित्तीय सेवा कंपनी ईवाई की रिपोर्ट में यह अनुमान...

नई दिल्लीः वैश्विक ऊर्जा बाजारों में धीरे-धीरे सामान्य स्थिति बहाल होने और घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद के साथ चालू वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.6 से 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वित्तीय सेवा कंपनी ईवाई की रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। 'ईवाई इकॉनमी वॉच' शीर्षक से जारी रिपोर्ट में कहा गया कि हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए यदि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें अपेक्षाकृत निचले स्तर पर स्थिर रहती हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही सामान्य हो जाती है, तो भारत की आर्थिक वृद्धि की सकारात्मक गति फिर से मजबूत हो सकती है। 

रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 6.6 से 6.8 प्रतिशत, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति 4.5 प्रतिशत, बाजार मूल्य पर जीडीपी वृद्धि 12.5 प्रतिशत, केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा जीडीपी का 4.4 प्रतिशत तथा चालू खाते का घाटा जीडीपी का 1.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। ईवाई ने कहा कि बाहरी अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत घरेलू आर्थिक बुनियाद और निजी क्षेत्र की निरंतर सक्रियता के कारण उल्लेखनीय मजबूती दिखा रही है। 

रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक ऊर्जा बाजारों में धीरे-धीरे सामान्य स्थिति बनने से आपूर्ति संबंधी दबाव कम होंगे, लागत की स्थिति बेहतर होगी और वित्त वर्ष 2026-27 में आर्थिक वृद्धि को समर्थन मिलेगा। रिपोर्ट में कहा गया कि जिंसों की कीमतों में नरमी और आपूर्ति की स्थिति में सुधार के कारण मुद्रास्फीति लगभग 4.5 प्रतिशत के स्तर पर नियंत्रित रहने की संभावना है। ईवाई के अनुसार, वैश्विक ऊर्जा कीमतों में कमी और बाहरी परिस्थितियों में सुधार से बाह्य क्षेत्र को भी बल मिलेगा तथा चालू खाते का घाटा जीडीपी के 1.5 प्रतिशत पर रहने का अनुमान है। 

रिपोर्ट में कहा गया कि महत्वपूर्ण आंकड़ें (जीएसटी संग्रह, बिजली खपत, पीएमआई आदि) अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत दे रहे हैं। विनिर्माण और सेवा क्षेत्र की गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं, ऋण वृद्धि स्थिर है, औद्योगिक उत्पादन में सुधार हो रहा है तथा वाहन क्षेत्र की मांग भी मजबूत बनी हुई है। ईवाई ने कहा कि मध्यम अवधि में घरेलू खपत, निवेश और सेवा क्षेत्र का प्रदर्शन भारत की आर्थिक वृद्धि के प्रमुख आधार बने रहेंगे। 

देश का मजबूत पेट्रोलियम परिशोधन परिवेश ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने, पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात को मजबूती देने और बाहरी जोखिमों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया कि बुनियादी ढांचा विकास, आपूर्ति श्रृंखला को अधिक मजबूत बनाने और रणनीतिक तैयारियों पर बढ़ता ध्यान भविष्य की वैश्विक और आर्थिक अनिश्चितताओं से निपटने की भारत की क्षमता को और सुदृढ़ करेगा। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!