भारतीय खिलौना उद्योग को मुक्त व्यापार समझौतों से बड़ा प्रोत्साहन मिलेगाः टॉय एसोसिएशन

Edited By Updated: 02 Jul, 2026 05:53 PM

indian toy industry to get a major boost from free trade agreements

ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) समेत कई पक्षों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से देश के खिलौना निर्यात को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खिलौना उद्योग से जुड़े अधिकारियों ने यह संभावना जताई। 'टॉय एसोसिएशन ऑफ इंडिया' के अध्यक्ष मनु

नई दिल्लीः ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) समेत कई पक्षों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से देश के खिलौना निर्यात को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खिलौना उद्योग से जुड़े अधिकारियों ने यह संभावना जताई। 'टॉय एसोसिएशन ऑफ इंडिया' के अध्यक्ष मनु गुप्ता ने कहा कि इन व्यापार समझौतों के तहत भारतीय खिलौनों को ब्रिटेन और ईयू के बाजारों में शून्य शुल्क पर प्रवेश मिलेगा, जबकि वर्तमान में इन उत्पादों पर करीब पांच-छह प्रतिशत आयात शुल्क लगता है। 

गुप्ता ने कहा, ''ये एफटीए हमें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के उच्च स्तर पर पहुंचाने में मदद करेंगे। इन दोनों बाजारों की देश के कुल खिलौना निर्यात में लगभग 16 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो 2024 में 35 करोड़ डॉलर रहा था।'' भारत ने पिछले वर्ष ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौता किया था, जो इस साल 15 जुलाई से लागू होने जा रहा है। वहीं 27 देशों के समूह ईयू के साथ समझौता इस वर्ष दिसंबर तक होने की संभावना है और इसे अगले वर्ष लागू किया जा सकता है। 

प्लेग्रो टॉयज इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और उद्योग प्रतिनिधि गुप्ता ने कहा कि सरकार की कारोबारी अनुकूल नीतियों के कारण इस क्षेत्र में बड़े निवेश आ रहे हैं। कंपनी ने उज्जैन में विनिर्माण इकाई लगाने पर करीब 82 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जहां 500 लोगों को रोजगार मिला है। सनलॉर्ड ग्रुप के प्रवर्तक अमिताभ खरबंदा ने कहा कि भारतीय खिलौना उद्योग को इन समझौतों का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए। हालांकि, उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और ईयू के कड़े गुणवत्ता मानकों एवं नियमों पर भारतीय कंपनियों को खरा उतरना होगा। 

उन्होंने कहा, ''हमें देश में बेहतर परीक्षण सुविधाओं की जरूरत है। सरकार इस दिशा में सहयोग कर रही है। साथ ही इन बाजारों में टिकाऊ उत्पादों पर जोर है।'' उनकी कंपनी बिहार के बिहटा में नई इकाई स्थापित कर रही है। भारतीय खिलौना उद्योग की क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एसोसिएशन चार से सात जुलाई तक यहां भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी आयोजित कर रही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस प्रदर्शनी' का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में 300 से अधिक भारतीय कंपनियां हिस्सा ले रही हैं जो शैक्षिक, प्लास्टिक, सॉफ्ट और इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों सहित 400 ब्रांड पेश करेंगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!