Edited By jyoti choudhary,Updated: 03 Nov, 2026 04:33 PM

दुनिया की दिग्गज एंटरटेनमेंट कंपनी डिज्नी (Disney) में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की तैयारी चल रही है। कंपनी अपने ऑपरेशनल खर्च को कम करने और मुनाफे में सुधार लाने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटाने समेत कई विकल्पों पर विचार कर रही
नई दिल्लीः दुनिया की दिग्गज एंटरटेनमेंट कंपनी डिज्नी (Disney) में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की तैयारी चल रही है। कंपनी अपने ऑपरेशनल खर्च को कम करने और मुनाफे में सुधार लाने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटाने समेत कई विकल्पों पर विचार कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी के कुछ मैनेजर्स को सालाना खर्च में 20% तक कटौती करने का लक्ष्य दिया गया है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि इस योजना के तहत कितने कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। अगर कंपनी इस योजना को लागू करती है तो हजारों कर्मचारियों पर इसका असर पड़ सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, डिज्नी के अलग-अलग बिजनेस यूनिट के मैनेजर्स से खर्च कम करने के उपाय तलाशने को कहा गया है। इसमें कर्मचारियों की संख्या घटाने, कामकाज के मौजूदा ढांचे में बदलाव करने और अलग-अलग विभागों के काम को नए सिरे से व्यवस्थित करने जैसे विकल्प शामिल हैं। माना जा रहा है कि छंटनी का असर सभी विभागों पर एक जैसा नहीं होगा। कुछ डिवीजन में ज्यादा पद खत्म किए जा सकते हैं, जबकि दूसरे विभागों को राहत मिल सकती है।
AI और स्ट्रीमिंग कारोबार से बढ़ी चुनौती
डिज्नी के नए CEO जोश डी'अमारो के सामने कंपनी की कमाई और कारोबार को मजबूत करने की चुनौती है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का तेजी से बढ़ता इस्तेमाल, फिल्मों का कमजोर बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा कंपनी के लिए मुश्किलें पैदा कर रही हैं।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय थीम पार्कों में विजिटर्स की संख्या की धीमी रफ्तार भी कंपनी के कारोबार पर दबाव बना रही है। ऐसे में डिज्नी लागत घटाकर अपने ऑपरेटिंग मार्जिन और मुनाफे को बेहतर बनाना चाहती है।
बचत के पैसे से इन कारोबारों पर होगा फोकस
कंपनी की योजना केवल खर्च घटाने तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, छंटनी और दूसरे उपायों से बचाई गई रकम को ग्रोथ से जुड़े कारोबार में निवेश किया जा सकता है। इसमें फिल्म और टीवी कंटेंट, टेक्नोलॉजी, थीम पार्क और तेजी से विस्तार कर रहे क्रूज बिजनेस को प्राथमिकता मिलने की संभावना है।