Edited By jyoti choudhary,Updated: 27 Apr, 2026 03:07 PM

भारत सरकार की महारत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (Oil India Limited) ने विदेश में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने बताया है कि लीबिया के एरिया 95/96 ब्लॉक में नए तेल और गैस भंडार की खोज हुई है, जो उसके अंतरराष्ट्रीय एक्सप्लोरेशन पोर्टफोलियो के...
बिजनेस डेस्कः भारत सरकार की महारत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (Oil India Limited) ने विदेश में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने बताया है कि लीबिया के एरिया 95/96 ब्लॉक में नए तेल और गैस भंडार की खोज हुई है, जो उसके अंतरराष्ट्रीय एक्सप्लोरेशन पोर्टफोलियो के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि इस परियोजना में उसकी 25% हिस्सेदारी है और वह भारतीय कंसोर्टियम का हिस्सा है, जिसमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Indian Oil Corporation Limited) भी शामिल है।
अहम लोकेशन और प्रोजेक्ट डिटेल
यह ब्लॉक दक्षिण-पश्चिम लीबिया के घडामेस बेसिन में स्थित है और लगभग 6,630 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसका संचालन सिपेक्स कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
यहां कुल 8 कुओं की खुदाई की योजना है, जिनमें से 5 कुएं पहले ही ड्रिल किए जा चुके हैं। हाल ही में छठे कुएं (A1-96/02) में नई तेल और गैस की खोज हुई है, जिसे लीबिया की नेशनल ऑयल कॉरपोरेशन (NOC) ने आधिकारिक रूप से मान्यता दे दी है। इससे यह साफ होता है कि इस इलाके में हाइड्रोकार्बन की मजबूत संभावनाएं मौजूद हैं।
आगे की प्रक्रिया
अब इस खोज का विस्तृत मूल्यांकन (appraisal) किया जाएगा ताकि संसाधनों की वास्तविक क्षमता का आकलन किया जा सके। इसके बाद इसे उत्पादन चरण की ओर आगे बढ़ाया जाएगा।
कंपनी के लिए क्या मायने रखती है यह खोज?
यह खोज Oil India Limited के लिए कई मायनों में अहम है। इससे कंपनी की विदेशी संपत्तियों का मूल्य बढ़ सकता है और भविष्य में उत्पादन शुरू होने पर नए राजस्व स्रोत खुल सकते हैं। साथ ही यह संकेत भी देता है कि कंपनी वैश्विक ऊर्जा बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही है।