ऑयल इंडिया को उथले समुद्री क्षेत्र में मिली प्राकृतिक गैस

Edited By Updated: 23 Oct, 2026 12:33 PM

oil india discovers natural gas in shallow offshore area

सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) को कृष्णा-गोदावरी बेसिन के उथले समुद्री क्षेत्र में एक ब्लॉक में प्राकृतिक गैस मिली है। कंपनी ने हाल में खोजे गए छोटे क्षेत्रों (डीएसएफ) की बोली प्रक्रिया के दौरान यह ब्लॉक हासिल किया था।

नई दिल्लीः सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) को कृष्णा-गोदावरी बेसिन के उथले समुद्री क्षेत्र में एक ब्लॉक में प्राकृतिक गैस मिली है। कंपनी ने हाल में खोजे गए छोटे क्षेत्रों (डीएसएफ) की बोली प्रक्रिया के दौरान यह ब्लॉक हासिल किया था। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि यह गैस भारत के पूर्वी तट के पास कृष्णा-गोदावरी बेसिन में मत्स्यपुरी 'फॉर्मेशन' में मिली, जिसका पहले कभी मूल्यांकन नहीं किया गया था। इस दौरान परीक्षण में अधिकतम 2,00,000 मानक घन मीटर प्रतिदिन (एससीएमडी) गैस प्रवाह दर्ज किया गया। 

ओआईएल ने कहा कि यह खोज केजी-डीएसएफ/जीएसकेडब्ल्यू/2018 नाम के उथले समुद्री अपतटीय ब्लॉक में गोदावरी-1 आकलन कुएं में हुई। इसमें 16 अक्टूबर, 2026 को 2,024-2,027 मीटर की गहराई पर हाइड्रोकार्बन युक्त क्षेत्र का परीक्षण शुरू किया गया था। कंपनी ने कहा कि इस कुएं से करीब 1,00,000 मानक घन मीटर प्रतिदिन की दर से गैस निकल रही है। निरंतर परीक्षण के दौरान अधिकतम 2,00,000 एससीएमडी की दर दर्ज की गई। कंपनी ने करीब 170 बैरल प्रतिदिन 'कंडेनसेट' उत्पादन की भी जानकारी दी। 'कंडेनसेट' किसी गैस या वाष्प के ठंडा होने या संघनन के बाद बनने वाला तरल पदार्थ है। ओआईएल ने कहा कि अधिक गहराई वाले क्षेत्र का परीक्षण करने की तैयारियां जारी हैं। 

हालांकि, कंपनी ने इस खोज में मौजूद संभावित संसाधनों की मात्रा का कोई आकलन नहीं दिया। यह खोज ऐसे समय में घरेलू गैस का एक अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध करा सकती है, जब भारत अपनी प्राकृतिक गैस की जरूरतों के एक बड़े हिस्से को पूरा करने के लिए अब भी आयात पर निर्भर है। सरकार ने भारत के ऊर्जा मिश्रण में प्राकृतिक गैस की हिस्सेदारी मौजूदा करीब छह प्रतिशत से बढ़ाकर 2030 तक 15 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में घरेलू संसाधनों का विकास उसकी ऊर्जा रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।  

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!