Edited By jyoti choudhary,Updated: 23 Jul, 2026 11:45 AM

पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार, 23 जुलाई से पेट्रोल 6.39 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 7.83 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है।
इस्लामाबाद: पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार, 23 जुलाई से पेट्रोल 6.39 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 7.83 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है।
नई दरों के बाद पेट्रोल की कीमत 327.12 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 375.04 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर हो गई है। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
21 जुलाई को पेट्रोल की कीमतों में की थी कटौती
इससे पहले 21 जुलाई को सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 35 पैसे प्रति लीटर की मामूली कटौती की थी, जबकि हाई-स्पीड डीजल 5.71 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर महंगा किया गया था। अब नए संशोधन के साथ ईंधन की कीमतों में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सरकार ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुरूप ईंधन की कीमतें अधिक नियमित रूप से तय करने की नीति अपनाई है। इस व्यवस्था के तहत ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) वैश्विक तेल बाजार की स्थिति के आधार पर कीमतों की समीक्षा करती है। हालांकि, पेट्रोलियम डीलर्स के कुछ संगठनों ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई है।
पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर निजी वाहन चालकों, बाइक और ऑटो-रिक्शा उपयोगकर्ताओं पर पड़ता है। वहीं, डीजल महंगा होने से माल ढुलाई, कृषि और बिजली उत्पादन की लागत बढ़ सकती है, जिससे रोजमर्रा की कई वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका है।